Type Here to Get Search Results !

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार की महू का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार की महू का कलेक्टर ने किया निरीक्षण 


आईटीआई में स्किल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने पर जोर, नए सत्र से व्यवस्थाएं शुरू करने के निर्देश



गुना, 


कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मार की महू का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में पदस्थ स्टाफ की जानकारी ली तथा विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आमजन को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।


कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सरकार और प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के प्रयास किए जाने निर्देश दिये। इसके साथ ही क्षेत्र में पेयजल समस्या के स्थायी एवं अस्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में एक एम्बुलेंस पहले से उपलब्ध है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हो सकें।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर को स्वच्छ बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से पान-गुटखा खाकर परिसर में गंदगी न फैलाने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।


इसके पश्चात कलेक्टर श्री कन्याल ने निर्माणाधीन आईटीआई परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान आईटीआई प्राचार्य ने जानकारी दी कि संस्थान में छह ट्रेड संचालित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल तथा स्टाफ के लिए आवासीय सुविधा भी परिसर में उपलब्ध रहेगी।


कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आगामी शैक्षणिक सत्र से सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से प्रारंभ करने की तैयारी समय रहते पूर्ण की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ट्रेड के लिए आवश्यक शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में अभी से कार्य किया जाए।


ग्रामीण जनों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने युवाओं को आईटीआई एवं स्किल आधारित पाठ्यक्रमों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में स्किल डेवलपमेंट की मांग तेजी से बढ़ रही है और तकनीकी एवं व्यावसायिक कौशल युवाओं को रोजगार दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से प्रोफेशनल एवं स्किल आधारित कोर्स अपनाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।


इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.