सीईओ जिला पंचायत श्री दुबे ने कार्य में लापरवाही पर 02 पर कार्यवाही
उपयंत्री अटैच और सहायक विकास विस्तार अधिकारी निलंबित
गुना
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे ने शासकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं विभागीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर 02 अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही किये जाने के आदेश जारी किये गये हैं।
जारी आदेशानुसार उपयंत्री श्री राजकुमार गुप्ता को सानई सेक्टर जनपद चांचौड़ा के प्रभार से हटाकर कार्यालय जनपद पंचायत चाचौड़ा में उपस्थित होकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सहायक विकास विस्तार अधिकारी श्री मानवेन्द्र सिंह तोमर जनपद पंचायत चांचौड़ा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किये जाने के आदेश जारी किए गए हैं।
उपयंत्री श्री राजकुमार गुप्ता को सेक्टर सानई जनपद पंचायत चाचौड़ा की ग्राम पंचायतों में विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी का दायित्व सौंपा गया था। उन्हें प्रतिदिन सेक्टर अंतर्गत ग्राम पंचायतों में प्रातः 11 बजे तक उपस्थित होकर लाइव उपस्थिति दर्ज कराने, ग्राम पंचायत मुख्यालय स्तर पर मंगलवार की जनसुनवाई में उपस्थित रहने तथा प्रात: 11 बजे जिला स्तर से होने वाली व्हीसी में उपस्थित रहने के निर्देश दिये गये थे। उनके द्वारा निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया।
जनपद सीईओ चांचौड़ा से प्राप्त प्रतिवेदन पर उपयंत्री श्री राजकुमार गुप्ता को सानई सेक्टर जनपद पंचायत चांचौड़ा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति संतोषजनक नहीं थी। वर्ष 2021-22 के 22 आवास एवं वर्ष 2024-25 के 21 आवास अपूर्ण पाए गए, जबकि वर्ष 2025-26 में 138 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 5 आवास पूर्ण हुए। मनरेगा में भी लक्ष्य की तुलना में उपलब्धि कम पाई गई। इसके अलावा ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य तथा सीएम हेल्पलाइन 181 की शिकायतों के निराकरण में भी अपेक्षित प्रगति नहीं पाई गई।
इसी प्रकार सहायक विकास विस्तार अधिकारी श्री मानवेन्द्र सिंह द्वारा लगातार समीक्षा बैठकों में अनुपस्थित रहने, जिला एवं जनपद स्तर की विभागीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उपस्थित नहीं होने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य योजनाओं की प्रगति अपेक्षित स्तर पर नहीं होने का उल्लेख किया गया है। वर्ष 2024-25 में 74 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 21 आवास अपूर्ण तथा वर्ष 2025-26 में 295 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 01 आवास पूर्ण पाए गए।
सेक्टर की ग्राम पंचायतों में जल एवं स्वच्छता कर तथा संपत्ति कर के संबंध में अपेक्षित कार्रवाई एवं वसूली नहीं की गई। साथ ही सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य शिकायतों के निराकरण में भी लापरवाही सामने आई। 31 जुलाई 2026 एवं 18 अगस्त 2026 को प्रतिदिन प्रातः 11 बजे तक उपस्थित होकर लाइव लोकेशन भेजने एवं व्हीसी में जुड़ने के निर्देश के बावजूद श्री तोमर अनुपस्थित पाए गए।
इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे ने श्री राजकुमार गुप्ता से सानई सेक्टर का प्रभार वापस लेकर उन्हें जनपद पंचायत चांचौड़ा कार्यालय में उपस्थित होकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही श्री मानवेन्द्र सिंह तोमर के संबंध में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किये जाने के आदेश जारी किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
