अवैध शराब तस्करी पर आरोन थाना पुलिस का सख्त शिकंजा
*बाइक पर शराब की तस्करी करते दो आरोपी गिरफ्तार, 07 पेटियों में 350 क्वाटर देशी मदिरा सहित अपाचे मोटरसाइकिल जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों, माफियाओं, कारोबारियों एवं तस्करों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में आरोन थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध तत्परता से कार्यवाही करते हुए बाइक से शराब की तस्करी कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है ।
गौरतलब है कि गत दिनांक 26 अगस्त 2026 को आरोन थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम मूड़रा खुर्द की ओर से एक अपाचे मोटर साइकिल पर दो व्यक्ति प्लास्टिक के बोरे में शराब की पेटियां लेकर आरोन की ओर आ रहे हैं । थाना क्षेत्र में शराब तस्करी की सूचना को गंभीरता से लेकर सूचना की तस्दीक एवं कार्यवाही हेतु आरोन थाने से पुलिस की एक टीम तत्काल मूड़रा खुर्द-आरोन रोड स्थित गन्ना फैक्ट्री के पास पहुंची और संदिग्ध मोटरसाइकिल के आने का इंतजार किया । कुछ ही समय बाद मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए की मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए । पुलिस को देखकर आरोपियों ने अचानक मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता एवं सूझबूझ से घेराबंदी कर दोनों को रोक लिया । पूछताछ में उनके द्वारा अपने नाम 1-शिब्बू पुत्र मुंशी केवट उम्र 22 वर्ष एवं 2-भानू पुत्र भोला केवट उम्र 23 वर्ष निवासीगण ग्राम खामखेड़ा थाना आरोन जिला गुना के बताए एवं उनके पास मौजूद प्लास्टिक के बोरे की तलाशी लेने पर उसमें 07 पेटियों में देशी मदिरा के कुल 350 क्वाटर बरामद हुए । पुलिस ने अवैध देशी मदिरा, जिसकी कीमत करीब 24,500/-रूपये तथा शराब तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल कीमत करीब 1,00,000/-रूपये सहित कुल करीब सवा लाख रूपये मूल्य का मशरूका विधिवत जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध आरोन थाने में अपराध क्रमांक 317/26, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है ।
अवैध शराब के विरुद्ध आरोन थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र सिंह सिकरवार, सउनि राजेन्द्र सिंह यादव, प्रधान आरक्षक दिनेश शर्मा, आरक्षक देवेन्द्र कुशवाह, आरक्षक वृतकुमार यादव एवं आरक्षक सौरभ यादव की सराहनीय भूमिका रही ।
