गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई एक राखी सायबर जागृति की अभियान
राज्य प्रमुख सोनल राजेश शर्मा ने एसपी विजय पाण्डेय को सौंपा सर्टिफिकेट
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति जन- जागरूकता हेतु चलाये गये अभिनव अभियान "एक राखी साइबर जागृति की" का आज जिले भर में सफल एवं ऐतिहासिक शुभारंभ किया गया। मुख्य कार्यक्रम ऑडिटोरियम हॉल जांजगीर में आयोजित किया गया , जिसमें कलेक्टर जांजगीर-चांपा जनमेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। तथा गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड छ.ग. की राज्य प्रभारी श्रीमती सोनल राजेश शर्मा , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार , डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा , डीएसपी अजाक सतरूपा तारम , सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे , रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी , सायबर प्रभारी भास्कर शर्मा सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक द्वारा राखी के पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा से जोड़ते हुये कहा कि जिस प्रकार राखी बहन की रक्षा का संकल्प है , उसी प्रकार हम सबको एक - दूसरे को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने का संकल्प लेना है। जिले की 432 गांव , समस्त शहरी वार्डों , शासकीय कॉलेजों , हायर सेकेंडरी स्कूलों , शासकीय कार्यालयों में जांजगीर-चांपा पुलिस , ग्राम कोटवार एवं महिला कमांडो द्वारा जिले में लगभग 01 लाख 50 हजार से ज्यादा लोगों को "साइबर जागृति की राखी" बांधकर साइबर अपराधों से सतर्क रहने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही आमजन को फर्जी लिंक पर क्लिक ना करने , अनजान कॉल पर ओटीपी/बैंक डिटेल शेयर ना करने , सोशल मीडिया पर सतर्क रहने और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से बताया गया।
गोल्डन बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई पहल -
इस व्यापक एवं एक साथ आयोजित अभियान के अवलोकन हेतु गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड छ.ग. की राज्य प्रभारी श्रीमती सोनल राजेश शर्मा को आमंत्रित किया गया था। जिसके द्वारा जिले भर के कार्यक्रमों का सत्यापन किया गया। एक ही समय में 432 गांव में साइबर जागरूकता की यह पहल गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुई , जो जांजगीर-चांपा पुलिस के लिये गौरव की बात है। जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल गांव से शहर तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने में मील की पत्थर साबित होगी।
