Type Here to Get Search Results !

कैंट थाना पुलिस ने दो चोरी की वारदातों का किया सफल पर्दाफाश, 03 आरोपी गिरफ्तार

 *संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध गुना पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही*


कैंट थाना पुलिस ने दो चोरी की वारदातों का किया सफल पर्दाफाश, 03 आरोपी गिरफ्तार


*निर्माणाधीन रिसोर्ट से चोरी कॉपर वायर तथा ट्रकों से चोरी सोयाबीन ऑइल के बॉक्स एवं लहसुन के कट्टे बरामद*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की वारदातों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव एवं उनकी टीम ने चोरी के दो अलग-अलग प्रकरणों का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया कॉपर वायर, सोयाबीन ऑइल के बॉक्स एवं लहसुन के कट्टे बरामद किए हैं ।


               दिनांक 01 सितंबर 2026 को फरियादी समीर सोनी निवासी पायगा मोहल्ला, गुना के द्वारा कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि कि वह ठेकेदारी का काम करता है । उसके द्वारा पत्रकार कॉलोनी में निर्माण किए जा रहे एक रिसोर्ट में बिजली फिटिंग के लिए लगाया गया कॉपर वायर दिनांक 26-27 अगस्त 2026 की रात्रि में अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है । फरियादी की रिपोर्ट पर कैंट थाने में अपराध क्रमांक 753/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।


               इसी प्रकार दिनांक 01 सितंबर 2026 को ही फरियादी मनोज कुमार शर्मा निवासी नानाखेड़ी, गुना द्वारा कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके द्वारा राजस्थान के बारां से पतंजलि सोयाबीन ऑइल के बॉक्स एवं लहसुन के कट्टे दो अलग-अलग ट्रकों के माध्यम से गुना ट्रांसपोर्ट कराए गए थे । गुना पहुंचने पर माल की जांच करने पर एक ट्रक से सोयाबीन ऑइल के 15 बॉक्स, कीमत लगभग 24 हजार रुपये तथा दूसरे ट्रक से 20-20 किलोग्राम वजन के 09 लहसुन के कट्टे, कीमत लगभग 35 हजार रुपये के गायब मिले । फरियादी को ट्रकों के चालक लाला उर्फ कृष्णपाल कुशवाह एवं रामवीर यादव पर चोरी करने का संदेह था । जिसकी रिपोर्ट पर कैंट थाने में अपराध क्रमांक 752/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।


               चोरी के उपरोक्त प्रकरणों में कैंट थाना पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए आरोपियों की तलाश एवं पतारसी के सघन प्रयास किए गए । पुलिस द्वारा घटना स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया । इसके साथ ही अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार सूचना संकलन किया गया । जिसके परिणामस्वरूप अप.क्र. 753/26 में दो आरोपी चिन्हित कर दिनांक 02 सितंबर 2026 को एक आरोपी मुकेश पुत्र परशुराम केवट उम्र 23 साल निवासी पिप्पल की बाडी थाना कैंट गुना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 07 किलोग्राम अधजले स्थिति में कापर वायर कीमती लगभग 20 हजार रुपये का बरामद किया गया है । प्रकरण में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है ।


               अप.क्र. 752/26 में संदेही दोनों ट्रक चालक लाला कुशवाह एवं रामवीर यादव को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उनके द्वारा साथ मिलकर एक ट्रक से सोयाबीन ऑइल के बॉक्स एवं दूसरे ट्रक से लहसुन के कट्टे चोरी करना स्वीकार किया । तदोपरांत पुलिस द्वारा प्रकरण में आरोपीगण लाला उर्फ कृष्णपाल पुत्र चेतन कुशवाह उम्र 26 साल निवासी नानाखेडी एवं रामवीर पुत्र राजेन्द्र यादव उम्र 22 साल निवासी अन्नपूर्णा कालोनी गुना को गिरफ्तार कर उनकी निसादेही से सोयाबीन ऑइल के 10 बॉक्स कीमती लगभग 22 हजार रुपये एवं लहसुन के 07 कट्टे कीमती 28 हजार रुपये के विधिवत जप्त किए गए हैं ।


               कैंट थाना पुलिस की इस संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव के नेतृत्व में सउनि बलवीर सिंह, प्रधान आरक्षक लखन किरार, प्रधान आरक्षक अशोक सरोज, आरक्षक धर्मेन्द्र रघुवंशी, आरक्षक शुभम रघुवंशी, आरक्षक राजू बघेल, आरक्षक रवि जाट एवं आरक्षक देवेन्द्र नरूका की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.