आबकारी विभाग की अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई
25 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 650 किलोग्राम लाहन जब्त कर किया नष्ट
गुना
जिला सागर में जहरीली शराब की घटना के बाद संभागीय उड़नदस्ता उपायुक्त ग्वालियर एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार तथा जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत आबकारी विभाग के कार्यपालक बल द्वारा वृत्त गुना-2 के ग्राम आटाखेड़ी एवं ग्राम सुमरदा में सघन गश्त एवं दबिश की कार्रवाई की गई। इस दौरान कच्ची एवं अवैध शराब के विनिर्माण तथा भंडारण के ठिकानों को ध्वस्त करते हुए लगभग 10 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 300 किलोग्राम लाहन जब्त किया गया। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
इसी क्रम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी एवं वृत्त चांचौड़ा प्रभारी श्री एल.आर. करोटिया के नेतृत्व में मृगवास एवं अन्य क्षेत्रों में दबिश की कार्रवाई की गई। इसमें 15 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 350 किलोग्राम गुड़-महुआ लाहन जब्त किया गया तथा आबकारी एक्ट के अंतर्गत 2 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
जिले में की गई कार्रवाई में कुल 4 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए तथा 25 लीटर हाथ भट्टी मदिरा एवं 650 किलोग्राम गुड़-महुआ लाहन जब्त किया गया। जब्त लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 35 हजार रुपये है।
