Type Here to Get Search Results !

सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों में जीरो पेंडेंसी सुनिश्चित करें : कलेक्टर

सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों में जीरो पेंडेंसी सुनिश्चित करें : कलेक्टर


साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में लंबित पत्रों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


गुना  

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने समय सीमा बैठक में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी से संबंधित प्रकरणों में जीरो पेंडेंसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़ी सेवाओं के प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसेवाओं से संबंधित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए समय-सीमा में निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


पीडीएस दुकानों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करें

कलेक्टर ने खाद्य विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में संचालित पीडीएस दुकानों की नियमित एवं सतत जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीडीएस दुकानों का निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा खाद्य विभाग के अधिकारियों को भी नियमित रूप से दुकानों की जांच करने के निर्देश दिए।


पशु टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्य में प्रगति लाने के निर्देश

पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पशुओं के टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को मैदानी स्तर पर गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान में बेहतर समन्वय से करें कार्य

कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के प्रत्येक घटक की प्रॉपर प्लानिंग एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

डिलीवरी के समय ही बच्चों का आधार बनाने की व्यवस्था करें

कलेक्टर ने पोस्ट ऑफिस एवं जिला चिकित्सालय को संयुक्त रूप से ऐसी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे नवजात बच्चों के आधार पंजीयन की सुविधा जन्म एवं डिलीवरी प्रक्रिया के दौरान ही उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि 0 से 5 साल तक के बच्चों के वही आधार बन जाए। इस व्यवस्था के लिए दोनों विभागों के बीच आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें

महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संबंधित अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने मैदानी स्तर पर आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं, गतिविधियों एवं सेवाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

समय सीमा पत्रकों एवं आयोग संबंधी प्रकरणों की समीक्षा

बैठक में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों से संबंधित समय सीमा पत्रकों की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही विभिन्न आयोगों तथा सीएम हाउस एवं सीएम मॉनिटर से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा की गई और लंबित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.