*संपत्ति संबंधी अपराधों में गुना पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही*
गुना कोतवाली पुलिस ने लूट की घटना का खुलासा कर आरोपी किया गिरफ्तार, लूटी गई स्कूटी बरामद
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु लगातार सख्त एवं परिणाममूलक कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली पुलिस द्वारा लूट के एक गंभीर प्रकरण में सक्रिय एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 24 अगस्त 2026 को फरियादी सुरेश धाकड निवासी नजूल कॉलोनी गुना के द्वारा गुना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, कि आज शाम को वह ग्रीन पार्क होटल के पास एक खाली मैदान में अपनी स्कूटी खडी कर बाथरुम कर रहा था, इसी दौरान एक अज्ञात लडका लुहांगी लेकर उसके पास आया और पैसे मांगने लगा उसके मना करने पर उसने उसके साथ लुहांगी से मारपीट की और उसके 5200/-रुपये नकदी, एक मोबाइल एवं स्कूटी छीनकर ले गया । जिस पर से गुना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अप.क्र. 492/26 धारा 309(6), 296(ए), 351(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए गुना कोतवाली पुलिस द्वारा प्रकरण में तत्काल कार्यवाही करते हुए अज्ञात आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई । पुलिस द्वारा अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय कर उसकी पतारसी के सघन प्रयास किए गए । जिसके फलस्वरूप पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर उसकी सरगर्मी से तलाश की गई । जिसकी तलाश के क्रम में आज दिनांक 14 सितंबर 2026 को आरोपी जॉन पुत्र जॉनी पारदी उम्र 22 साल निवासी हड्डीमील गुना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में लूटी हुई स्कूटी बरामद की गई है । आरोपी से शेष माल की बरामदगी एवं अन्य प्रकरणों में पूछताछ हेतु माननीय न्यायालय से विधिवत पुलिस रिमांड पर लिया गया है ।
गुना कोतवाली थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, सउनि संतोष तिवारी, प्रधान आरक्षक रमेश गुर्जर, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र भार्गव, आरक्षक अनिल रघुवंशी एवं आरक्षक महेश दिवाकर की सराहनीय भूमिका रही है ।
