बारिश ने खोली चाचौड़ा-बीनागंज की जल निकासी व्यवस्था की पोल, नगर विकास को लेकर सौरभ यादव ने उठाए सवाल
चाचौड़ा-बीनागंज। नगर की मूलभूत समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) को कुछ दिन पूर्व ज्ञापन सौंपकर सड़क, नाली, जल निकासी एवं पेयजल सहित विभिन्न समस्याओं के निराकरण की मांग की गई थी। ज्ञापन सौंपे जाने के सात दिन बाद भी अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर नगर परिषद का ध्यान आकर्षित करने के लिए सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया था तथा चाचौड़ा बायपास पर बेशर्म के पौधे लगाए गए थे।
सौरभ यादव ने बताया कि हाल ही में हुई बारिश के दौरान नगर की जल निकासी व्यवस्था की स्थिति एक बार फिर सामने आई। बीनागंज बस स्टैंड से लगभग 30 मीटर दूर चाचौड़ा मुख्य मार्ग स्थित प्रीतम सेन की कटिंग की दुकान में बारिश का पानी भर गया। पानी निकालने के लिए उन्हें स्वयं नाली में तार डालकर काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सौरभ यादव ने कहा कि यह स्थिति केवल एक दुकान तक सीमित नहीं है, बल्कि बारिश के दौरान नगर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आती है। नगर में सड़क, नाली, जल निकासी और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सौरभ यादव ने व्यापारी संघ से भी आग्रह किया है कि वह नगर विकास और जनहित के मुद्दों पर आगे आए। उन्होंने कहा कि जनता और व्यापारियों का नगर के विकास में महत्वपूर्ण जुड़ाव है। यदि व्यापारी और नागरिक मिलकर अपनी मूलभूत समस्याओं को लेकर आवाज उठाएंगे, तो नगर की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास हो सकते हैं।
उन्होंने नगर परिषद से मांग की कि नगर की जल निकासी व्यवस्था, सड़कों और नालियों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराए जाएं तथा पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
