किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहकारी बैंक की महत्वपूर्ण भूमिका – कलेक्टर श्री कन्याल
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की 104वीं वार्षिक साधारण सभा आयोजित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, गुना की वर्ष 2025-26 की 104वीं वार्षिक साधारण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरस्तु प्रभाकर, समिति सचिवगण, सदस्यगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एक सशक्त और महत्वपूर्ण बैंक है, जिसकी पहुंच केवल शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों तक भी व्यापक रूप से है। हमारा उद्देश्य होना चाहिए कि बैंक के ग्राहकों, विशेषकर किसानों को बैंक की सेवाओं और योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ मिले। आज आवश्यकता इस बात की है कि बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक कार्यप्रणाली, नई तकनीकों और बदलते समय की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक सक्षम बनाया जाए। गुना अब विकास के एक नए स्तर की ओर बढ़ रहा है। जिले में उद्योगों की व्यापक संभावनाएं हैं और इसके चलते यहां औद्योगिक वातावरण भी विकसित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि गुना के किसान भी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विकसित भारत की संकल्पना को धरातल पर साकार करने में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना आवश्यक है और इसमें जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से बेहतर माध्यम कोई दूसरा नहीं हो सकता। इसलिए आवश्यकता है कि हम अपने बैंक को आधुनिक बनाते हुए नई सोच और नई कार्यप्रणाली के साथ आगे ले जाएं। बैंक का व्यवसाय बढ़ाने के साथ-साथ ग्राहकों और किसानों को बेहतर, सरल एवं आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने बैंक के विकास और बेहतर कार्य के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, मैं उन्हें बधाई देता हूं। साथ ही अपेक्षा है कि हम सभी मिलकर बैंक को और अधिक सशक्त, आधुनिक और जनहितकारी बनाएं।
वार्षिक साधारण सभा में बैंक से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा सभा की कार्यवाही सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर बैंक द्वारा डिजिटल बैंकिंग को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए QR कोड भुगतान प्रणाली का शुभारंभ किया गया।
बैंक अध्यक्ष द्वारा दो समिति सचिवों/सदस्यों को बैंक के प्रथम QR कोड प्रदान कर नई व्यवस्था का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस व्यवस्था से समितियों एवं कृषक सदस्यों को डिजिटल भुगतान की सुविधा प्राप्त होगी तथा लेन-देन में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अरस्तु प्रभाकर द्वारा बैंक की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं एवं सदस्य हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। उन्होंने कृषकों एवं सदस्यों से बैंक की योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने तथा सहकारिता को सशक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित सदस्यों द्वारा बैंक की डिजिटल पहल एवं सदस्य हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
