ग्वालटोरिया मध्यम सिंचाई परियोजना के डूब क्षेत्र में परिसंपत्तियों के सर्वेक्षण एवं मूल्यांकन हेतु संयुक्त दल गठित
गुना
ग्वालटोरिया मध्यम सिंचाई परियोजना के निर्माण के अंतर्गत गुना जिले की तहसील बमोरी के ग्राम आटाखेड़ी, काबर बमोरी, ककरूआडॉग, कुंवरपुर एवं डिबिया मानपुर की भूमि डूब क्षेत्र में आने के कारण भू-अर्जन की कार्यवाही की जा रही है। यह कार्यवाही नवीन भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
डूब क्षेत्र में प्रभावित ग्रामों की आबादी एवं परिवारों के विस्थापित होने की संभावना को ध्यान में रखते हुए प्रभावित ग्रामों की परिसंपत्तियों, मकानों आदि के सर्वेक्षण, मूल्यांकन एवं पुनर्व्यवस्थापन के लिए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों का संयुक्त दल गठित किया गया है।
संयुक्त दल में राजस्व विभाग से तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी, सिंचाई विभाग ग्वालटोरिया परियोजना से अनुविभागीय अधिकारी (सहायक यंत्री), उपयंत्री एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग से अनुविभागीय अधिकारी (सहायक यंत्री) एवं उपयंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से अनुविभागीय अधिकारी (सहायक यंत्री) एवं उपयंत्री, उद्यानिकी विभाग से वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी तथा वन विभाग से अनुविभागीय अधिकारी एवं वन क्षेत्रपाल को शामिल किया गया है।
गठित संयुक्त दल अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गुना के निर्देशन में तथा तहसीलदार बमोरी द्वारा बताए अनुसार प्रभावित ग्रामों में परिसंपत्तियों, मकानों आदि के सर्वेक्षण, मूल्यांकन एवं पुनर्व्यवस्थापन संबंधी कार्यवाही संपादित करेगा।
