गुना जिले में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम
आरडीएसएस एवं एसएटीडी योजना के तहत पूर्ण हुए कार्यों से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था होगी सुदृढ़
गुना
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा गुना जिले में विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरडीएसएस एवं एसएसटीडी योजना के तहत विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
आरडीएसएस योजना के तहत पूर्ण किए गए प्रमुख कार्य
जिले में 33/11 केवी के 5 एमवीए क्षमता के 7 नवीन उपकेंद्रों का निर्माण पूर्ण किया गया है। इनमें टोडरा, बनेह, गैंगखेड़ा, गिदी, किलामपुर, मोहम्मदपुर, जोगीराना एवं भदौड़ी क्षेत्र शामिल हैं। इसके साथ ही 33/11 केवी के 5 एमवीए क्षमता के 2 अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर गेंहूखेड़ी एवं बड़ोद में स्थापित किए गए हैं। विद्युत प्रणाली की क्षमता एवं गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए 1500 केवीएआर क्षमता के 33 कैपेसिटर बैंक भी स्थापित किए गए हैं।
एसएसटीडी योजना के तहत पूर्ण कार्य
एसएसटीडी योजना के अंतर्गत 33/11 केवी के 5 एमवीए क्षमता के 3 नवीन उपकेंद्र श्यामपुर (कांटेर), इंडस्ट्रियल एरिया गुना एवं धनबाड़ी में पूर्ण किए गए हैं। इसके अलावा 33/11 केवी के 5/3.15 एमवीए क्षमता के 7 अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मर तथा 33/11 केवी के 10/8/5/3.15 एमवीए क्षमता के 9 पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य भी पूर्ण किया गया है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में होंगे ये निर्माण कार्य
विद्युत अधोसंरचना के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 के फेज-1 में गुना जिले के लिए 61 महत्वपूर्ण कार्य अनुमोदित किए गए हैं। इनमें 33/11 केवी के 5 एमवीए क्षमता के 3 नवीन उपकेंद्र चाकरी, छिखारी एवं साड़ा में प्रस्तावित हैं। इसके साथ ही 14 स्थानों पर पावर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, 20 स्थानों पर 33/11 केवी के 5/3.15 एमवीए क्षमता के अतिरिक्त पावर ट्रांसफार्मरों की स्थापना तथा 24 स्थानों पर 11 केवी कंडक्टर ऑगमेंटेशन के कार्य किए जाएंगे।
इन कार्यों के माध्यम से गुना जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी, ओवरलोडिंग की समस्या में कमी आएगी तथा उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा जिले में बढ़ती विद्युत मांग को ध्यान में रखते हुए विद्युत अधोसंरचना के निरंतर विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
