Type Here to Get Search Results !

मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास शिविर’’ में मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान, ड्रोन दीदी ने दिखाया आधुनिक तकनीक का हुनर

‘’मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास शिविर’’ में मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान, ड्रोन दीदी ने दिखाया आधुनिक तकनीक का हुनर


जनसुनवाई और जन-विश्वास शिविर बड़ी योजनाओं जितने ही महत्वपूर्ण, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी – केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया



गुना 


केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को ‘’मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के अंतर्गत बरखेड़ागिर्द में विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया तथा जन-विश्वास शिविर में शामिल होकर आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में ई-केवाईसी, आधार, स्वास्थ्य सहित विभिन्न सेवाओं की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। इस दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं ग्राम पगारा की ड्रोन दीदी श्रीमती किरण अहिरवार ने ड्रोन संचालन का प्रदर्शन कर आधुनिक तकनीक के ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचने की मिसाल प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा गुना जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत भी उपस्थित थे।


राशन दुकान की व्यवस्था देखी, आंगनबाड़ी में बच्चों से किया संवाद


केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने सबसे पहले बरखेड़ागिर्द स्थित राशन दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण की पूरी प्रक्रिया को समझा तथा व्यवस्था को इसी प्रकार व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।


इसके पश्‍चात उन्होंने बरखेड़ागिर्द आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां बच्चों से संवाद किया और गर्भवती माताओं को पोषण आहार किट वितरित की। उन्होंने आंगनबाड़ी सहायिका एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा कर उनके कार्यों को प्रोत्साहित किया।


ड्रोन दीदी किरण ने बदली अपनी तकदीर, अब किसानों को दे रहीं प्रशिक्षण


केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने ग्राम पगारा की ड्रोन दीदी श्रीमती किरण अहिरवार से संवाद किया। आर्थिक परेशानियों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और आधुनिक तकनीक को अपनाकर अपनी आजीविका को नई दिशा दी।


श्रीमती किरण अहिरवार वर्मी कंपोस्ट, जैविक खेती और नमो ड्रोन के माध्यम से लगभग 12 से 15 हजार रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित कर रही हैं। वह अब मास्टर ट्रेनर के रूप में लगभग 125 से अधिक किसानों को जैविक खेती की बारीकियां सिखा रही हैं। इस दौरान उन्होंने ड्रोन उड़ाकर उसका डेमोस्ट्रेशन भी दिया।


मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास शिविर में कई प्रकरणों का मौके पर निराकरण


बरखेड़ागिर्द में आयोजित ‘’मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास शिविर’’ में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई गईं। साथ ही स्वास्थ्य कैंप, ई-केवाईसी, आधार सहित अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर पंजीयन कराया और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।


शिविर में बलवीर सिंह ने सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की समस्या बताई। मौके पर प्रकरण की जांच करने पर उनकी ई-केवाईसी पूर्ण नहीं पाई गई। तत्काल ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई गई तथा बैंक स्टेटमेंट की प्रिंट निकालकर उन्हें बताया गया कि उनके खाते में राशि जारी हो चुकी है। इसी प्रकार अन्य कई प्रकरणों का भी मौके पर निराकरण किया गया। शेष समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।


‘सेवा ही संकल्प’ की भावना से हो जनता की समस्याओं का समाधान – केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया


केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हर शुक्रवार प्रदेश के सभी जिलों में शासन-प्रशासन द्वारा ‘‘सेवा ही संकल्प’’ की भावना के साथ जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। जनसुनवाई और जन-विश्वास शिविर बड़ी योजनाओं जितने ही महत्वपूर्ण हैं। प्राप्त आवेदनों का गंभीरता और तत्परता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ड्रोन दीदी के माध्यम से आधुनिक तकनीक आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। किरण द्वारा ड्रोन संचालन का प्रदर्शन इसका उदाहरण है।


शिविर में केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने बताया कि कैंट चौराहे से गुलाबगंज तक सड़क का डीपीआर तैयार हो चुका है। लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा।


जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य : प्रभारी मंत्री श्री राजपूत


प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्‍यमंत्री जन-विश्वास अभियान जनता की समस्याओं के समाधान के लिए है। यह जनसुनवाई से मिलता-जुलता अभियान है, जो जनवरी तक चलेगा। इसका उद्देश्य है कि नागरिकों को अपने काम के लिए बार-बार शासकीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को अधिकारी और जनप्रतिनिधि अन्य कार्यों के बजाय जनता की सेवा और उनकी समस्याओं के समाधान पर ध्यान देंगे। आज बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और कई मामलों का तत्काल निराकरण भी हुआ। यह आपकी सरकार है, जो अब आपके द्वार पर पहुंचकर आपकी समस्याओं का समाधान कर रही है।


शिविर में गुना विधायक श्री पन्‍नालाल शाक्‍य, जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री अरविंद्र धाकड़, उपाध्‍यक्ष श्रीमती सारिका लुंबा, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्‍द्र सिंह सिकरवार, पूर्व मंत्री श्री महेन्द्र सिं‍ह सिसोदिया, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, सहित आमजन उपस्थित थे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.