अमेजन से मोबाइल मंगाते, रिफंड भी लेते और मोबाइल भी रख लेते — कैंट थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के खेल में दो और आरोपियों को दबोचा
*मुख्य आरोपी शेखर मीना द्वारा आरोपी नमन शर्मा की मोबाइल दुकान पर बेचे जाते थे ठगी से प्राप्त मोबाइल*
*गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में ऑनलाइन ठगी के नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य आए सामने*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु लगातार प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सशक्त कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में कैंट थाना पुलिस द्वारा अमेजन से मोबाइल फोन मंगाकर फर्जी तरीके से रिफंड प्राप्त करने तथा मोबाइल अपने पास रख लेने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए प्रकरण में दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस प्रकरण में पुलिस द्वारा सुमित पुत्र हरि सिंह मीना निवासी ग्राम लालोनी, थाना बमोरी एवं नमन पुत्र चेतन शर्मा निवासी बारां, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि प्रकरण का मुख्य आरोपी शेखर मीना ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त मोबाइल फोन को आरोपी नमन शर्मा की बारां, राजस्थान स्थित मोबाइल दुकान पर बेचता था। इस प्रकार ठगी से प्राप्त मोबाइलों को खपाने के लिए उक्त मोबाइल दुकान का उपयोग किया जाता था।
प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जानकारी जुटाई, जिसके बाद सुमित मीना एवं नमन शर्मा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में ऑनलाइन ठगी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, ठगी से प्राप्त मोबाइलों की बिक्री तथा इस अपराध से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों के संबंध में जानकारी मिलने की संभावना है।
कैंट थाना पुलिस द्वारा प्रकरण में तकनीकी साक्ष्यों एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी है।
