अस्थायी आतिशबाजी अनुज्ञप्ति के लिए 13 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन
गुना
वर्ष 2026 के दीपावली त्यौहार के अवसर पर फुटकर पटाखा विक्रय व्यवसाय को सुलभ बनाने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश शासन गृह विभाग मंत्रालय वल्लभ भवन, भोपाल के निर्देशानुसार त्यौहारों के दौरान आतिशबाजी पटाखे के कब्जे और विक्रय के अस्थायी अनुज्ञप्ति से संबंधित सेवा को पूर्णतः ऑनलाईन प्रदाय किए जाने हेतु निर्देश प्रदान किए गए हैं। विस्फोटक अधिनियम 1884 एवं विस्फोटक नियम, 2008 तथा विस्फोटक (संशोधन) नियम 2019 में उपबंधित नियमो एवं शर्तों के अंतर्गत अस्थाई आतिशबाजी पटाखे अनुज्ञप्ति के लिये इच्छुक आवेदनकर्ताओं को ई-सर्विस पोर्टल http://services.mp. gov.in के माध्यम से पूर्णतः ऑनलाइन अनुज्ञप्ति प्रदाय किए जाने हेतु नवीन व्यवस्था प्रारंभ की गई हैं।
इस हेतु आवेदकगण अपने संबंधित लोक सेवा केन्द्र पर या स्वयं ऑन लाईन पोर्टल पर निर्धारित शुल्क का भुगतान कर आवेदन कर सकते हैं। आवेदनकर्ता द्वारा ऑनलाइन आवेदन के साथ आवश्यक दस्तावेज यथा आधार कार्ड, वोटर आईडी, पेनकार्ड, पुलिस प्रतिवेदन/चरित्र सत्यापन, अस्थाई आतिशबाजी का पूर्व लायसेंस, मोबाईल नंबर एवं निर्धारित शुल्क 500.00 का भुगतान किया जावेगा।
आवेदनकर्ता द्वारा ऑनलाईन आवेदन पत्र में चाही गई जानकारी के साथ संबंधित दस्तावेजों की स्कैन प्रति भी ऑनलाईन पोर्टल पर अपलोड करनी होगी तथा अस्थाई आतिशबाजी अनुज्ञप्ति के लिए निर्धारित शुल्क, कोष एवं लेखा कार्यालय के लेखाशीर्ष (0070-अन्य प्रशासनिक सेवाएः 060-अन्य सेवाएं 103 विस्फोटक अधिनियम) में ऑनलाइन ही भुगतान किया जावेगा। इस सेवा को प्राप्त करने के लिए पात्र व्यक्ति की आयु न्यूनतम 18 वर्ष वर्ष पूर्ण होनी चाहिए, न्यायालय द्वारा आपराधिक मामलो में दोष सिद्धी नहीं होना चाहिए तथा आवेदक को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के अध्याय IX के अंतर्गत परिशांति कायम रखने और सदाचार के लिये बंध पत्र निष्पादित करने के लिए आदेश नहीं दिया गया होना चाहिए।
उपरोक्तानुसार पूर्णतः नियमानुसार भरे गये आवेदनों को आवेदक संबंधित उपखंड मजिस्ट्रेट, उपखंड गुना/राधौगढ/चांचौड़ा एवं आरोन में जमा करेंगे एवं संबंधित उपखंड मजिस्ट्रेट के द्वारा आवेदन पत्रों का नियमानुसार परीक्षण कर ऑनलाईन प्रतिवेदन कार्यालय कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट जिला गुना (म.प्र.) को प्रेषित करने की कार्यवाही की जावेगी। अस्थाई आतिशबाजी अनुज्ञप्ति हेतु ऑनलाईन आवेदन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 तक नियत की गयी है। नियत दिनांक 13 अक्टूबर 2026 के पश्चात प्राप्त आवेदन-पत्रों पर कोई विचार किया जाना संभव नहीं हो सकेगा। किसी भी दशा में ऑफलाईन आवेदन पत्र प्राप्त नहीं किए जावेगे।
अस्थायी आतिशबाजी अनुज्ञप्तिधारियों को प्रशासन द्वारा आवंटित विक्रय स्थल/दुकान केवल उसी अनुज्ञप्तिधारी द्वारा उपयोग की जाएगी। उक्त स्थल/दुकान को किसी अन्य व्यक्ति को किसी भी दशा में हस्तांतरित, उपभोग हेतु प्रदान नहीं किया जायेगी एवं अनुज्ञप्तिधारी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति उस स्थान/दुकान पर आतिशबाजी का विक्रय नहीं कर सकेगा।
