अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 35 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं 560 किलोग्राम गुड़ लाहन जब्त
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं उपायुक्त आबकारी ग्वालियर संभाग श्री संदीप शर्मा के निर्देशन में जिले में अवैध मदिरा के विनिर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन तथा जहरीली शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में जिला आबकारी अधिकारी श्री गुरुप्रसाद केवट के मार्गदर्शन में 30 एवं 31 अक्टूबर को जिले के विभिन्न ग्रामों में आबकारी विभाग की टीमों द्वारा सघन दबिश दी गई। वृत्त चांचौड़ा प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री एल.आर. करोसिया के नेतृत्व में ग्राम कोटरा एवं पंची मंडी क्षेत्र में कार्रवाई की गई। इसी प्रकार वृत्त गुना-1 प्रभारी श्री राधाकिशन द्वारा ग्राम पिपरोदा चक, मोईन एवं सतनपुर, वृत्त राघौगढ़ प्रभारी श्री मोहनीष शर्मा द्वारा ग्राम बिशनखेड़ा, ककरुआ एवं हमीरगढ़ तथा वृत्त गुना-2 प्रभारी श्री वर्धमान जैन द्वारा ग्राम अजितखेड़ा एवं बरखेड़ी में दबिश दी गई।
इन कार्रवाइयों के दौरान कुल 35 लीटर हाथभट्टी मदिरा एवं 560 किलोग्राम गुड़ लाहन बरामद किया गया। गुड़ लाहन के परिवहन में असमर्थता के कारण उसका नमूना लेकर शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। जब्त सामग्री का अनुमानित मूल्य लगभग 52 हजार रुपये आंका गया है। ग्राम पिपरोदा चक में पुलिया के पास अवैध रूप से संचालित भट्टी भी पाई गई, जिसमें लाहन मौजूद था। आबकारी टीम द्वारा मौके पर ही लाहन को नष्ट किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम पिपरोदा चक निवासी रिंकू पुत्र लालाराम जाटव के खेत से 8 लीटर हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई। मदिरा से तेज गंध आने के कारण उसका नमूना लेकर परीक्षण हेतु एफएसएल ग्वालियर भेजने की कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
दबिश एवं जांच के दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(1)(फ) एवं 49(अ) के तहत कुल 8 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इसके साथ ही आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा जिले की आबकारी दुकानों का निरीक्षण तथा होटल एवं ढाबों की सघन जांच भी की गई। संपूर्ण कार्रवाई में सभी वृत्तों के आबकारी आरक्षकों एवं महिला आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।
आबकारी विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
