*अवैध मादक पदार्थों के विरूद्ध गुना पुलिस का विशेष अभियान*
*चांचौड़ा थाना पुलिस ने गांजा तस्करी करते नशा तस्कर किया गिरफ्तार, 50 हजार रूपये मूल्य का गांजा बरामद
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही, एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, आदतन अपराधियों के विरुद्ध PIT NDPS Act के तहत कार्यवाही एवं एनडीपीएस प्रकरणों में जारी वारंटों की तामीली हेतु दिनांक 27 अक्टूबर 2026 से 15 दिवसीय प्रदेशव्यापी एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है ।
उक्त अभियान के तहत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों तथा उनके नेटवर्क पर सतत निगरानी रखते हुए प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करते करीबन 50 हजार रूपये मूल्य के अवैध गांजा सहित नशा तस्कर गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है ।
दिनांक 29-30 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि में चांचौड़ा थाना पुलिस मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि लहरचा गांव के रास्ते से एक व्यक्ति अपने हाथ में लिए प्लास्टिक के बोरे में अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर बीनागंज की ओर आ रहा है । थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी की सूचना को गंभीरता से लेकर थाने से पुलिस की एक टीम तस्कर की तलाश में तत्काल लहरचा रोड़ पर रवाना हुई, इस दौरान ग्राम कीताखेड़ी-पुरानीगंज के बीच संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया । पूछताछ में उसने अपना नाम बापूलाल पुत्र छीतरजी सोंदिया उम्र 50 साल निवासी ग्राम बड़कुआ हाल पुरानीगंज थाना चांचौड़ा जिला गुना का बताया एवं उसके हाथ में पकड़े हुए प्लास्टिक के बोरे को चैक करने पर उसमें हरे गांजे की डंडियों सहित फूल-पत्ती भरी हुई पाईं गईं, जिसका विधिवत बजन करने पर गांजे का कुल बजन 5.06 किलोग्राम पाया गया एवं बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीबन 50 हजार रूपये आंकी गई । आरोपी से बरामद उक्त गांजे को पुलिस द्वारा विधिवत जप्त कर आरोपी बापूलाल सोंदिया को गिरफ्तार किया गया एवं उसके विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अपराध क्रमांक 385/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । आरोपी के गांजा तस्करी के अन्य स्रोत, उसके क्रय-विक्रय तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संभावित नेटवर्क के संबंध में पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, उपनिरीक्षक मोहर सिंह गवली, सउनि राकेश भील, प्रधान आरक्षक अशोक वारिया, प्रधान आरक्षक बिष्णु गुर्जर, आरक्षक अमित राजावत एवं आरक्षक अर्जुन तोमर की विशेष भूमिका रही है ।
