*साइबर ठगी के पीड़ितों को गुना पुलिस ने वापस कराई ₹सवा लाख रूपये से अधिक की राशि
*NCRP पोर्टल की MRM प्रक्रिया के माध्यम से त्वरित तकनीकी कार्यवाही, बैंकिंग संस्थानों से प्रभावी समन्वय कर पीड़ितों को दिलाई आर्थिक राहत*
*साइबर अपराध के विरुद्ध गुना पुलिस की सतत एवं प्रभावी कार्यवाही निरंतर जारी*
पुलिस उप महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज श्री असित यादव के निर्देशानुसार गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गुना पुलिस द्वारा जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही तथा साइबर ठगी के पीड़ितों को उनकी धनराशि वापस दिलाने हेतु निरंतर तकनीकी एवं त्वरित कार्यवाहियां की जा रही हैं ।
उल्लेखनीय है कि जिले में ऑनलाइन धोखाधड़ी के पीड़ितों द्वारा साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें पुलिस अधीक्षक गुना के समक्ष प्रस्तुत की जाती हैं । पुलिस अधीक्षक द्वारा साइबर अपराधों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही कर पीड़ितों की ठगी गई राशि वापस कराने हेतु साइबर सेल टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते हैं । इसी क्रम में साइबर सेल टीम द्वारा ऑनलाइन धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतों की गंभीरता से जांच करते हुए NCRP पोर्टल की MRM (Money Recovery Mechanism) प्रक्रिया के माध्यम से ठगी की राशि जिन-जिन बैंक खातों में ट्रांसफर हुई थी, उन खातों पर तत्काल होल्ड लगवाने की कार्यवाही की गई ।
गुना पुलिस की त्वरित तकनीकी कार्यवाही एवं संबंधित बैंकिंग संस्थानों के साथ प्रभावी समन्वय के परिणामस्वरूप निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत शुभम जैन, राकेश कुमार जैन, रफत रैना खान, घनश्याम, सुनील ओझा, बुन्देल सिंह मीना, नरेन्द्र वर्मा, रामपाल सिंह, दीपेन्द्र एवं श्यामबाबू राजपूत की साइबर ठगी की कुल 1,25,001/-रूपये (एक लाख पच्चीस हजार एक रुपये) की राशि वापस कराई गई ।
गुना पुलिस द्वारा NCRP पोर्टल पर प्राप्त साइबर अपराध संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने तथा पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए संबंधित बैंकिंग संस्थानों के साथ लगातार प्रभावी समन्वय स्थापित किया जा रहा है । पुलिस की इस तकनीकी एवं त्वरित कार्यवाही से साइबर ठगी के पीड़ितों को निरंतर आर्थिक राहत मिल रही है । गुना पुलिस द्वारा साइबर ठगी के अन्य प्रकरणों में भी पीड़ितों की धनराशि वापस कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं । साथ ही अपने संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचित करें । साइबर ठगी के तुरंत बाद की गई शिकायत ठगी की राशि को होल्ड कराने तथा निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से राशि वापस दिलाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो सकती है ।
इस सराहनीय कार्यवाही में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान, आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक, आरक्षक अभय रघुवंशी एवं महिला आरक्षक पूजा गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
