*साइबर ठगी के विरुद्ध गुना पुलिस की लगातार कार्यवाही
*ऑनलाइन धोखाधड़ी के शिकार 12 और आवेदकों के वापस कराए 50,212/-रूपये*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में जिले में साइबर अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही तथा साइबर ठगी के पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं । इसी क्रम में गुना पुलिस की साइबर सेल टीम ने सक्रिय तकनीकी कार्यवाही एवं संबंधित बैंकिंग संस्थानों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर साइबर ठगी के 13 और पीड़ितों को कुल 50,212/-रूपये (पचास हजार दो सौ बारह रुपये) की राशि वापस दिलाई है ।
जिले में ऑनलाइन धोखाधड़ी के पीड़ितों द्वारा साइबर ठगी संबंधी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत की जाती हैं । इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं साइबर सेल टीम को पीड़ितों की ठगी गई राशि वापस दिलाने के लिए त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए जाते हैं । निर्देशों के पालन में साइबर सेल टीम द्वारा प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर ठगी की राशि जिन बैंक खातों में स्थानांतरित हुई है, उनकी जानकारी जुटाई जाती है । इसके बाद NCRP पोर्टल की MRM प्रक्रिया के माध्यम से संबंधित बैंक खातों में राशि होल्ड कराने की कार्यवाही की जाती है, ताकि ठगी की रकम को आगे अन्य खातों में स्थानांतरित होने से रोका जा सके ।
साइबर सेल टीम की त्वरित तकनीकी कार्यवाही एवं संबंधित बैंकिंग संस्थानों के साथ समन्वय के परिणामस्वरूप निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद 13 और आवेदकों 1-अशोक कुमार, 2-विमलेश्वर यादव, 3-हरिओम केवट, 4-सुनील ओझा, 5-सोनम खान, 6-अभिषेक, 7-दिलीप धाकड़, 8-प्रमोद जाटव, 9-गोलू लोधा, 10-चिंटूलाल अहिरवार, 11-यश श्रीमाल, 12-बड़ेराज सिंह एवं 13-निखिल के साथ हुई साइबर ठगी के प्रकरणों में कुल 50,212/-रूपये की धनराशि उनके बैंक खातों में वापस कराई गई ।
गुना पुलिस द्वारा NCRP पोर्टल पर प्राप्त साइबर अपराध संबंधी शिकायतों पर तत्परता से कार्यवाही की जा रही है । साइबर सेल टीम संबंधित बैंकिंग संस्थानों के साथ समन्वय कर ठगी की रकम को होल्ड कराने तथा नियमानुसार पीड़ितों को उनकी धनराशि वापस दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है । अन्य प्रकरणों में भी आवश्यक कार्यवाही सतत जारी है ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें । किसी भी प्रकार की ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं और बिना देरी किए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं । साथ ही अपने संबंधित बैंक को भी सूचित करें । ठगी के तुरंत बाद की गई शिकायत राशि को होल्ड कराने एवं निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से वापस दिलाने में अत्यंत महत्वपूर्ण साबित हो सकती है ।
इस कार्यवाही में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक जुबेर खान के नेतृत्व में आरक्षक कुलदीप यादव, आरक्षक कुलदीप भदौरिया, आरक्षक भूपेन्द्र खटीक, आरक्षक अभय रघुवंशी एवं महिला आरक्षक पूजा गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
