गुना जिले में कार्बाइड गन एवं अन्य अवैध विस्फोटक उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय और उपयोग पर प्रतिबंध
कलेक्टर द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
गुना,
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री किशोर कुमार कन्याल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला गुना की सीमा में कार्बाइड गन एवं अन्य पदार्थों का उपयोग कर विस्फोट अथवा तीव्र ध्वनि उत्पन्न करने के उद्देश्य से निर्मित इसी प्रकार के अन्य अवैध उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय, वितरण, प्रदर्शन एवं उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।
आगामी त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से यह आदेश जारी किया गया है। लोहे, स्टील अथवा पीवीसी पाइपों में कैल्शियम कार्बाइड एवं अन्य पदार्थों के उपयोग से गैस उत्पन्न कर विस्फोट या तीव्र ध्वनि करने वाले उपकरणों के संचालन से आंखों, चेहरे एवं शरीर के अन्य अंगों को गंभीर क्षति पहुंचने की आशंका रहती है। ऐसी गतिविधियों से लोक शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया गया है।
आदेश के पालन की जिम्मेदारी जिले के समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारियों, अनुविभागीय अधिकारियों (पुलिस), कार्यपालिक दण्डाधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारियों को सौंपी गई है। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्राधिकार में आदेश का पालन सुनिश्चित कराएंगे तथा प्रतिबंधित उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय, वितरण अथवा उपयोग की जानकारी मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित उपकरणों के निर्माण, भंडारण, क्रय-विक्रय, वितरण अथवा उपयोग की जानकारी मिलने पर नागरिक निकटतम पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम, गुना को तत्काल सूचना दें। पुलिस अधीक्षक, गुना प्राप्त सूचनाओं पर आवश्यक कार्रवाई कराते हुए आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
