गुना में सुनियोजित शहरी विकास को मिलेगी गति, हर सप्ताह होगी कॉलोनियों के विकास कार्यों की समीक्षा
नियमों के अनुरूप काम करने वाले बिल्डर-कॉलोनाइजर को प्रोत्साहित करेगा प्रशासन, समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए बनेगी विशेष टीम
गुना
शहर में सुनियोजित आवासीय विकास को बढ़ावा देने, नागरिकों को बेहतर कॉलोनियां एवं विवाद रहित भूखंड उपलब्ध कराने और बिल्डर-कॉलोनाइजर की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुरूप कॉलोनियां विकसित करने वाले बिल्डर एवं कॉलोनाइजर को प्रशासन का सहयोग मिलेगा। इसके लिए प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी, ताकि नियमानुसार काम करने वाले व्यवसायियों को अनावश्यक परेशानी न हो और शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके। साथ ही, कॉलोनी विकास से संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए नगरपालिका में विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर की उपस्थिति में आयोजित बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप शिवा, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री शैलेश अवस्थी सहित बिल्डर एवं कॉलोनाइजर उपस्थित रहे।
नियमों के साथ विकसित करें कॉलोनियां, नागरिकों के हितों का रखें ध्यान
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि बिल्डर एवं कॉलोनाइजर शहर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए कॉलोनी विकसित करते समय रेरा (RERA), टाउन एंड कंट्री प्लानिंग तथा भवन निर्माण संबंधी आवश्यक अनुमतियां सुनिश्चित की जाएं। भूमि विवाद रहित हो तथा सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए ही विकास कार्य किए जाएं। विशेष रूप से आदिवासी एवं अन्य संरक्षित श्रेणियों की भूमि से संबंधित कानूनी प्रावधानों का कड़ाई से पालन किया जाए। किसी भी स्थिति में सरकारी भूमि पर अनधिकृत कब्जा अथवा भूमि संबंधी नियमों का उल्लंघन न हो।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में कई बार ऐसी शिकायतें सामने आती हैं, जिनमें कॉलोनी में सड़क, अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने अथवा किए गए वादों को पूरा नहीं करने की बात कही जाती है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए बिल्डर-कॉलोनाइजर को शुरुआत से ही नियमानुसार विकास कार्य करने और नागरिकों से किए गए वादों को पूरा करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। इससे व्यवसायियों की विश्वसनीयता बढ़ेगी और भूखंड या मकान खरीदने वाले लोगों को भी भविष्य में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बेहतर कॉलोनियों से बढ़ेगी शहर की पहचान, मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना अच्छा घर हो और वह बेहतर सुविधाओं वाली कॉलोनी में रहे। बिल्डर एवं कॉलोनाइजर ऐसी कॉलोनियां विकसित करें, जहां व्यवस्थित सड़कें, आवश्यक मूलभूत सुविधाएं और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने सुझाव दिया कि कॉलोनियों में मेडिकल सुविधाओं, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, फर्नीचर सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता के लिए भी व्यवस्था विकसित की जा सकती है। इसके लिए संबंधित एजेंसियों के माध्यम से ऐसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि रहवासियों को छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए दूर न जाना पड़े। इससे कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी और विकसित होने वाली आवासीय परियोजनाओं की उपयोगिता एवं आकर्षण भी बढ़ेगा।
समय पर पूरे करें प्रोजेक्ट, नए निवेश और विकास के खुलेंगे अवसर
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि बिल्डर-कॉलोनाइजर अपने प्रोजेक्ट निर्धारित समय से कम अवधि में पूरा करने का प्रयास करें। इससे परियोजनाओं की लागत कम करने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और नए प्रोजेक्ट शुरू करने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि गुना कृषि की दृष्टि से समृद्ध क्षेत्र है और यहां भविष्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं। नगरीय क्षेत्र के विस्तार के साथ व्यवस्थित आवासीय विकास की आवश्यकता भी बढ़ेगी। ऐसे में बिल्डर एवं कॉलोनाइजर की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
सिंगल विंडो व्यवस्था और विशेष टीम से आसान होंगी प्रक्रियाएं
बैठक में बिल्डर एवं कॉलोनाइजर ने कॉलोनी विकास से संबंधित अनुमतियों, आवश्यक प्रक्रियाओं और विभिन्न विभागों से मिलने वाली स्वीकृतियों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने बड़ी बहुमंजिला इमारतों के निर्माण के लिए आवश्यक अनुमतियों से संबंधित विषय भी रखे।
कलेक्टर ने कहा कि नियमानुसार आवश्यक मापदंडों को पूरा करने वाले प्रस्तावों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार विचार किया जाएगा। उन्होंने नगरपालिका को निर्देश दिए कि बिल्डर एवं कॉलोनाइजर से संबंधित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए विशेष विंग अथवा टीम गठित की जाए, ताकि संबंधित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो।
बेहतर कनेक्टिविटी और व्यवस्थित विकास पर जोर
बैठक में बिल्डर एवं कॉलोनाइजर ने शहर की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने, आवासीय क्षेत्रों के सुनियोजित विस्तार तथा कॉलोनी विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सुझाव दिए। कलेक्टर ने कहा कि शहर का विकास इस तरह होना चाहिए, जिससे नागरिकों को बेहतर आवासीय विकल्प मिलें और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार हो।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य नियमानुसार काम करने वाले बिल्डर एवं कॉलोनाइजर को सहयोग देना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और साथ ही आम नागरिकों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए कॉलोनियों के विकास कार्यों और संबंधित प्रकरणों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाएगी, ताकि बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहन मिले और गुना में सुनियोजित शहरी विकास को नई गति मिल सके।
