शहर की सफाई, सड़क, यातायात और स्ट्रीट लाइट सुधार के लिए ‘अभी नहीं, तो कभी नहीं’ थीम पर बनेगी कार्ययोजना
चार भागों में कार्य विभाजन, जनप्रतिनिधि-अधिकारियों की टीम करेगी मॉनिटरिंग
‘अभी नहीं, तो कभी नहीं’ थीम पर शहर सुधार की कार्ययोजना
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शहर की स्वच्छता सहित सड़क सुधार, यातायात प्रबंधन और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ‘अभी नहीं, तो कभी नहीं’ थीम पर कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। इसके लिए चार प्रमुख भागों में कार्य विभाजन कर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की टीम गठित की गई। बैठक में शहर की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के साथ कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग पर जोर दिया गया।
चार प्रमुख बिंदुओं पर होगा कार्य
कार्ययोजना में सड़क सुधार, स्वच्छता एवं नाला-निकासी, यातायात प्रबंधन तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को चार प्रमुख भागों में शामिल किया गया है। प्रत्येक भाग के लिए संबंधित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपकर समन्वय से कार्य करने की बात कही गई।
सोर्स पर कचरा पृथक्करण और सफाई की होगी निगरानी
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि कचरे के प्रबंधन में सबसे महत्वपूर्ण है कि कचरे का सोर्स पर ही पृथक्करण सुनिश्चित किया जाए। जिन स्थानों पर सफाई, लाइट सुधार या अन्य कार्य किए जा रहे हैं, वहां कार्य के पहले और बाद के फोटो लिए जाएं। साथ ही सफाई के बाद संबंधित स्थान की लगातार मॉनिटरिंग की जाए, ताकि वहां दोबारा कचरा जमा न हो।
खाली प्लॉट पर गंदगी करने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक में सुझाव दिया गया कि खाली प्लॉट अथवा अन्य स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई की जाए। खाली प्लॉट के मालिक को नोटिस देने के साथ ही यदि किसी व्यक्ति द्वारा वहां कचरा फेंका जाता है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
कचरा कलेक्शन प्वाइंट को बनाया जाएगा आकर्षक
कलेक्टर ने कहा कि जिन स्थानों पर कचरा कलेक्शन प्वाइंट बनाए गए हैं, वहां सफाई के बाद आवश्यक व्यवस्थाएं कर स्थान को आकर्षक बनाया जाए। इन स्थानों पर टेबल-कुर्सी आदि लगाकर लोगों के उपयोग योग्य बनाया जा सकता है तथा ‘यहां गंदगी न फैलाएं’ जैसे संदेश भी प्रदर्शित किए जाएं, ताकि लोगों में स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन हो।
बेहतर कार्य करने वाले क्षेत्रों की होगी रैंकिंग
बैठक में यह सुझाव भी आया कि चारों क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों के आधार पर बेहतर कार्य करने वाले वार्डों की रैंकिंग की जाए। इससे प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ शहर की व्यवस्थाओं में सुधार को गति मिलेगी।
बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री धर्म सोनी, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिकरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती महिमा चौधरी, डिप्टी कलेक्टर श्री दिव्यांशु शिवहरे, नगरपालिका सीएमओ श्री शैलेश अवस्थी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
