*संत रविदास जी का संदेश घर-घर पहुंचाने हेतु गृह संपर्क अभियान प्रारंभ
Madhusudangarh-
विद्या भारती मध्य भारत प्रांत के आह्वान पर संत शिरोमणि रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मधुसूदनगढ़ द्वारा दिनांक 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक गृह संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
संस्था के प्राचार्य श्री कुलदीप भारद्वाज ने बताया कि भारतीय संत परम्परा में संत शिरोमणि रविदास जी महाराज का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने समरस समाज, भक्ति और मानवीय समानता का संदेश देकर समाज को नई दिशा प्रदान की। उनके विचार आज भी समाज में समता और सद्भाव की भावना को सुदृढ़ करते हैं।
इसी उद्देश्य को लेकर विद्यालय के समस्त आचार्य परिवार एवं समिति परिवार के सदस्यों द्वारा नगर के अभिभावकों एवं समाज बंधुओं के घर-घर जाकर संत रविदास जी महाराज के जीवन चरित्र पर आधारित पुस्तक एवं चित्र का वितरण किया जा रहा है। अभियान के दौरान सामाजिक समरसता का संदेश एवं संत शिरोमणि रविदास जी के जीवन प्रसंगों का वाचन किया जा रहा है।
इसी क्रम में विद्यालय के वंदना सत्र में प्रतिदिन भैया-बहिनो को संत रविदास जी का प्रेरक प्रसंग सुनाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त संत रविदास जी के जीवन चरित्र पर आधारित प्रश्न मंच, रंगोली, चित्रकला, भाषण आदि विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी विद्यालय में किया जा रहा है।


