तंबाकू के खिलाफ युवाओं की हुंकार, जागरूकता रैली से गूंजा गुना—तंबाकू मुक्त समाज का लिया संकल्प
गुना
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिले में 60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 का संचालन 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत शासकीय माध्यमिक विद्यालय मानस भवन, गुना के प्राचार्य श्री नरेंद्र भारद्वाज के सहयोग से विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा शहर के विभिन्न मार्गों से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं विद्यालय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों से संबंधित प्रभावी नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक करते हुए तंबाकू मुक्त समाज का संदेश दिया। रैली में बच्चों की सक्रिय सहभागिता एवं प्रयासों की आमजन द्वारा सराहना की गई।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम विनीता सोनी, RKSK परामर्शदाता रेखा शर्मा एवं जागृति अहिरवार उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिला नोडल अधिकारी विनीता सोनी द्वारा विद्यालय के आसपास संचालित तंबाकू उत्पाद विक्रय करने वाली दुकानों के संचालकों को कोटपा अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही शैक्षणिक संस्थान की 100 गज (लगभग 300 फीट) की परिधि में तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की हिदायत देते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
