Type Here to Get Search Results !

कलेक्टर श्री कन्याल की अध्यक्षता में जिला कौशल विकास समिति की बैठक संपन्न

 कलेक्टर श्री कन्याल की अध्यक्षता में जिला कौशल विकास समिति की बैठक संपन्न

तकनीकी प्रशिक्षण और कौशल विकास से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कौशल विकास समिति की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने, कौशल विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन और रोजगार के नए अवसर निर्मित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कौशल विकास ही वर्तमान समय में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण देकर उनके हुनर में बढ़ोत्तरी करने की बात कही, जिससे वे बाजार की मांगों के अनुसार रोजगार एवं स्वरोजगार प्राप्त कर सकें। 

बैठक के दौरान प्राचार्य आईटीआई गुना सुश्री श्वेता कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया जिले में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना 4.0 के अंतर्गत 'NAVYA 2.0' योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके तहत 15 से 35 वर्ष की किशोरियों और युवा महिलाओं को इलेक्ट्रिकल, सोलर, ऑटोमोबाइल, आईटी, डिजिटल सेवाओं और रोबोटिक्स जैसे गैर-पारंपरिक और आधुनिक क्षेत्रों में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाया जाएगा। समिति द्वारा जिले की शासकीय आईटीआई संस्थाओं के प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई, जिसमें गुना, कुंभराज, बमोरी और चांचौड़ा में उपलब्ध सीटों पर 100 प्रतिशत तथा राघौगढ़ आईटीआई में 98 प्रतिशत प्रवेश दर्ज होने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही, मारकी महू (तहसील बमोरी) में नवनिर्मित ITI भवन का आधिपत्य ग्रहण कर उसमें 5 नए ट्रेडों के संचालन का प्रस्ताव तैयार किया गया है। 

युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए गेल (GAIL) ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, गुना में जनरल ड्यूटी असिस्टेंट, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव और सिलाई टेक्नोलॉजी जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा, जिले में अत्याधुनिक कार्यशालाओं के निर्माण और आधुनिक तकनीकों के व्यावहारिक प्रशिक्षण हेतु 10 ट्रेडों वाले नए ITI भवन की स्थापना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की     सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। 

बैठक में कलेक्टेर श्री कन्याल ने निर्देशित किया केवल सैद्धांतिक प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि उद्योगों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT), अप्रेंटिसशिप और नियमित प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से जिले के युवाओं को शत-प्रतिशत रोजगार से जोड़ा जाए। बैठक में डिप्‍टी कलेक्‍टर सुश्री महिमा चौधरी, आईटीआई गुना की प्राचार्य सुश्री श्वेता कुशवाह, जिला रोजगार अधिकारी श्री बीएस मीना सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.