Type Here to Get Search Results !

जीवन में राजा न बनकर राजा बनाने वाले बने। मुनि श्रमण सागर जी

 राघौगढ़ में श्रमण धारा प्रवचन माला 

जीवन में राजा न बनकर राजा बनाने वाले बने। 

               मुनि श्रमण सागर जी


 राघौगढ़ 28 अक्टूबर। दिगंबर जैन आचार्य विद्यासागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य प्रवचन वाचस्पति, औजस्वी वक्ता, बुंदेली आशु कवि मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने राघौगढ़ में जारी श्रमण धारा प्रवचन माला में "राजा बनाने वाले का महत्व" विषय पर मंगल प्रवचन करते हुए कहा किंग से ज्यादा सम्मान किंग मेकर को मिलता है। जो राजा बनता है इसे सभी सम्मान देते हैं। मगर इसमें सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि राजा को जिसने राजा बनाया है उसका सम्मान राजा स्वयं करते हैं। प्रवचन में अपने पौराणिक कथा सुनाते हुए कहा आज से लगभग दो हजार वर्ष पूर्व तक्षशिला विश्वविद्यालय में आचार्य चाणक्य शिष्यों को शिक्षा देते थे। चाणक्य बुद्धिमान, अर्थशास्त्री, राजनीतिक, धर्म परायण एवं राष्ट्र प्रेमी थे, उस समय यूनान से समाचार आया कि सिकंदर भारत पर हमला करने आ रहा है। आचार्य चाणक्य मगध के राजा धनानंद के दरबार में पहुंचे और उन्हें बताया कि सिकंदर भारत पर आक्रमण करने आ रहा है। राजा धनानंद बुद्धिमान नहीं थे उन्होंने चाणक्य को अपमानित कर दरबार से निकलवा दिया। चाणक्य ने अपनी चोटी की गांठ खोली और प्रतिज्ञा ली की मगध की राज सिंहासन पर योग्य राजा को बैठाऊंगा। चाणक्य एक दिन शिकारी के यहां नौकरी कर रहे हैं 10 वर्षीय युवक से मिलकर प्रभावित हुए और शिकारी को 1 हजार मोहरे देकर उस युवक को तक्षशिला विश्वविद्यालय ले आए। 10 वर्ष तक उस युवक को सभी प्रकार की शिक्षा, कूटनीति, धनुर्विद्या, अर्थशास्त्र, राजनीति सभी विधाओं में पारंगत कर दिया। जब युवक की उम्र 22 वर्ष हुई और चाणक्य को लगा कि अब उचित समय है मगध के राजा धनानंद को सिंहासन से उतार कर उस युवक को राजतिलक कराया। वह युवक सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य थे। आपने कहा चाणक्य स्वयं इतने तीक्ष्ण बुद्धि थे वे स्वयं मगध के सम्राट बना सकते थे। मगर उन्होंने चंद्रगुप्त मौर्य को सम्राट बनाया। राजा बनने से ज्यादा सम्मान राजा बनाने वाले का होता है सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य आचार्य चाणक्य को राज दरबार में उच्च शासन पर बिठाते थे और उनका चरण स्पर्श कर आदर करते थे। आचार्य चाणक्य ने देश रक्षा के लिए यह अमूल्य योगदान दिया। आपने कहा जिसमे राष्ट्र प्रेम एवं वसुदेव कुटुंबकम् की भावना होती है वह व्यक्ति ही राजा न बनकर राजा बनाने वाला बनता है। आपने कहा हर व्यक्ति के अंदर राष्ट्र प्रेम की भावना कूट-कूट कर भरी होना चाहिए। आपने यह भी उल्लेख किया सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य जैन धर्म के अनुयायी थे उन्होंने बाद में अपने पुत्र बिंबिसार को राजपाट सौंप कर जैनेश्वरी दीक्षा ली। आपने एक और उदाहरण देते हुए कहा भारत में श्रीमती सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री न बनकर डॉक्टर मनमोहन सिंह को भारत का प्रधानमंत्री बनाया। डॉक्टर मनमोहन सिंह 10 वर्ष तक सोनिया गांधी को पूरा सम्मान देते रहे। जैन दर्शन का उल्लेख करते हुए आपने कहा आचार्य अकलंक और आचार्य निकलंक दोनों सगे भाई नालंदा विश्वविद्यालय में पढ़ते थे। विश्वविद्यालय बौद्ध धर्म के अनुयायियों को प्राथमिकता देती थी। वहां पता चल गया कि यह दोनों जैन धर्म के अनुयायी हैं। उस समय आचार्य निकलंक ने बलिदान देकर अकलंक स्वामी को धर्म की रक्षा के लिये जीवन दान दिया। ‌ इसी प्रकार आचार्य ज्ञान सागर जी महाराज ने अपने संघस्थ मुनि विद्यासागर जी महाराज को आचार्य पद दिया। विद्यासागर जी महाराज के आचार्यत्व  में रहकर धर्म साधना कर समाधि प्रताप की। आचार्य विद्यासागर जी महाराज ने 131 मुनि दीक्षा प्रदान की उनका विशाल संघ सारे देश में धर्म प्रभावना बढ़ा रहा है।मुनिश्रमण सागर जी महाराज ने प्रवचन करते हुए कहा राजा भी वही बनता है जिसके भाग्य में होता है आपने कहा भाग में प्रधान मंत्री पद नहीं होने के कारण लालकृष्ण आडवाणी भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन पाए।अंत में आपने कहा राजा बनने की अपेक्षा राजा बनाने वाले बने। मुनि श्रमण सागर जी महाराज ने प्रवचन में  स्वरचित लोकप्रिय कविता सुनाई कविता का शीर्षक है "अभी उन्हें अपना पता ही नहीं है।"

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.