Type Here to Get Search Results !

किशोर स्वास्थ्य के प्रहरी बने साथिया, समागम में दिखी जागरूकता और बदलाव की तस्वीर

 किशोर स्वास्थ्य के प्रहरी बने साथिया, समागम में दिखी जागरूकता और बदलाव की तस्वीर

कलेक्टर श्री कन्याल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले साथिया एवं सहयोगियों को किया सम्मानित

साथिया अपने साथियों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता के वाहक बनें – कलेक्टर श्री कन्याल


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में गैर सरकारी संस्था दक्ष फाउंडेशन, जबलपुर के सहयोग से राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत 06 अक्टूबर 2026 को जिला स्तरीय साथिया समागम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के साथियाओं, प्रशिक्षकों, परामर्शदाताओं एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने साथिया कार्यक्रम की पृष्ठभूमि, चयन प्रक्रिया तथा समुदाय स्तर पर साथियाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली और कार्यक्रम की सराहना की।

कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का एक महत्वपूर्ण चरण है। इस अवस्था में सही जानकारी, मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण किशोरों के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं। साथिया अपने साथियों के बीच स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाकर सकारात्मक बदलाव के वाहक बन रहे हैं। उन्होंने साथियाओं से नशे, बाल विवाह एवं सामाजिक कुरीतियों से दूर रहने तथा अपने साथियों को भी इनसे बचने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किशोरों के समग्र स्वास्थ्य के लिए पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली एवं नियमित स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता आवश्यक है। साथिया अपने साथियों तक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने साथियाओं को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

समागम के दौरान जिले में सराहनीय कार्य करने वाले शिक्षक, सरपंच, सचिव, आशा सहयोगी, आशा कार्यकर्ता, परामर्शदाता, प्रशिक्षक एवं साथियाओं को कलेक्टर श्री कन्याल द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर साथियाओं द्वारा पोषण, नशा मुक्ति, बाल विवाह एवं मानसिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया गया। साथ ही साथियाओं ने कार्यक्रम से जुड़े अपने अनुभव, जीवन में आए सकारात्मक बदलाव एवं अपनी सफलता की कहानियां भी साझा कीं।

कार्यक्रम में प्रशिक्षकों एवं परामर्शदाताओं द्वारा किशोर-किशोरियों से जुड़े विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर चर्चा की गई। इनमें पोषण एवं एनीमिया, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, नशे से बचाव, हिंसा एवं बाल विवाह से बचाव, गैर-संचारी रोग तथा स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषय शामिल रहे। विशेषज्ञों द्वारा किशोरों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी अपनाने तथा आवश्यकता होने पर स्वास्थ्य सेवाओं एवं परामर्श का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने जिले में लगभग 2600 चयनित साथियाओं को शामिल करते हुए मेगा साथिया समागम आयोजित करने तथा कार्यक्रम की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने साथियाओं को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अंतर्गत एलबेंडाजोल की गोली का सेवन करने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-1 डॉ. शिल्पा टाटिया, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम नोडल अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ. आर.आर. माथुर, जिला समन्वयक राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम श्रीमती विनीता सोनी, UNFPA से डॉ. मेघा गुप्ता, BGMS से श्री खुशाल सिंह दांगी, बमौरी बीएमओ डॉ. हेमंत, सभी विकासखंडों के बीसीएम, बीपीएम, परामर्शदाता, प्रशिक्षक तथा दक्ष फाउंडेशन जबलपुर से श्री सुबोध सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.