*10 वर्षीय बालक के अपहरण एवं बंधक बनाकर मारपीट के गंभीर मामले में गुना पुलिस की त्वरित कार्यवाही*
*केंट थाना पुलिस ने सतत सर्चिंग एवं सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से अपहरणकर्ता आरोपी किया गिरफ्तार
*आरोपी के विरुद्ध हत्या, बलात्कार, अप्राकृतिक दुष्कृत्य, अपहरण एवं चोरी सहित पूर्व से 05 आपराधिक प्रकरण दर्ज*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों की रोकथाम तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना सुश्री सैफा हासमी के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा 10 वर्षीय नाबालिग बालक के अपहरण एवं उसे बंधक बनाकर मारपीट के गंभीर मामले में सक्रिय एवं सक्रिय कार्यवाही करते हुए अपहरणकर्ता आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने केंट थाना पुलिस को अपने 10 वर्षीय नाबालिग भतीजे के सुबह से लापता होने की सूचना दी थी । मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 951/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर बालक की तलाश प्रारंभ की गई और दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को बालक को दस्तयाब कर लिया गया ।
दस्तयाबी के बाद बालक द्वारा दिए गए कथनों के अनुसार, दिनांक 16 अक्टूबर की सुबह गुलाबगंज रेलवे पटरी के पास उसे एक अज्ञात व्यक्ति मिला, जो खाने का लालच देकर बालक को हड्डीमील के पास जंगल क्षेत्र में ले गया, जहां उस व्यक्ति ने शराब पी और बालक के साथ मारपीट की गई । शराब पीने के बाद वह व्यक्ति वहीं सो गया । इस दौरान मौका पाकर बालक वहां से भाग निकला और अपनी नानी के घर पहुंच गया । बालक के कथनों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में धारा 96, 127(2), 115(2) बीएनएस एवं धारा 4(2), 5/6 पॉक्सो एक्ट का इजाफा कर आरोपी की पहचान एवं तलाश के प्रयास प्रारंभ किए गए ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए केंट थाना पुलिस ने आरोपी की पतारसी के लिए विभिन्न संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया । पुलिस टीम द्वारा लगातार किए गए प्रयासों एवं तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर दिनांक 18 अक्टूबर 2026 को संदिग्ध आरोपी को पकड़ लिया गया । पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवकुमार उर्फ हल्के उर्फ भूपत सिंह पुत्र जसवंत रघुवंशी उम्र 33 वर्ष निवासी ग्राम क्षेत्रपाल थाना आरोन जिला गुना का बताया । पुलिस द्वारा आरोपी को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर उसे आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया ।
गिरफ्तार आरोपी शिवकुमार रघुवंशी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में उसके विरुद्ध पूर्व में विभिन्न गंभीर अपराधों के 05 प्रकरण दर्ज पाये गये हैं । उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आरोपी के विरूद्ध आरोन थाने में मारपीट, अप्राकृतिक दुष्कृत्य एवं हत्या से संबंधित 03 प्रकरण तथा कोतवाली अशोकनगर में चोरी से संबंधित 01 प्रकरण व कचनार थाने में अपहरण एवं बलात्कार से संबंधित 01 प्रकरण दर्ज पाया गया है ।
केंट थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक अरुंधति राजावत, सउनि रामभरोसा बैरागी, आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक राजू बघेल एवं आरक्षक धर्मेन्द्र रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही है ।
गुना पुलिस की अपील : बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें । किसी भी बच्चे के लापता होने अथवा उसके साथ किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर सूचना दें ।
