*अवैध शराब माफियाओं पर गुना पुलिस का सतत प्रहार*
राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम साकोन्या में दबिश देकर अवैध शराब के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही
*3,000 लीटर लहान, शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्टियों एवं अन्य सामग्री का मौके पर नष्टीकरण*
*बाइक से 80 लीटर अवैध कच्ची शराब की तस्करी करते आरोपी गिरफ्तार*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले को नशामुक्त, सुरक्षित एवं शांत वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से अवैध शराब, नशे के कारोबार एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निरंतर कठोर एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में आज दिनांक 01 अक्टूबर 2026 को राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम साकोन्या में अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी एवं प्रभावी कार्यवाही की गई है ।
राघौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम साकोन्या में कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध रूप से कच्ची शराब का निर्माण किए जाने की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा शराब माफियाओं पर कठोर कार्यवाही के निर्देश दिए गए । निर्देशों के पालन में थाना राघौगढ़, विजयपुर एवं धरनावदा के पुलिस बल द्वारा संयुक्त रूप से साकोन्या गांव में दबिश दी गई । पुलिस टीम द्वारा गांव के आसपास खेतों, नालों एवं अन्य संभावित स्थानों पर सघन सर्चिंग अभियान चलाया गया । सर्चिंग के दौरान छोटे-बड़े कई ड्रमों में लगभग 3,000 लीटर लहान तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त भट्टियां एवं अन्य सामग्री बरामद हुई । बरामद लगभग 3 लाख मूल्य के 3,000 लीटर लहान एवं शराब निर्माण में उपयोगी भट्टियों तथा अन्य सामग्री का मौके पर विधिवत नष्टीकरण किया गया । पुलिस दबिश की भनक लगते ही अवैध शराब निर्माण में संलिप्त कुछ व्यक्ति मक्के की फसल का सहारा लेकर मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान एवं तलाश के प्रयास पुलिस द्वारा किए जा रहे हैं ।
कार्यवाही के दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि साकोन्या गांव की ओर से एक युवक होण्डा एसपी मोटरसाइकिल पर प्लास्टिक की दो बड़ी कैनों में अवैध कच्ची शराब लेकर बैराखेड़ी गांव की ओर जा रहा है । सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल संदेही की तलाश में रवाना हुई तथा नानारायणपुरा शक्कर कारखाने के पास घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सवार युवक को रोक लिया गया । पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल पुत्र राजेन्द्र कंजर उम्र 20 वर्ष निवासी ग्राम साकोन्या थाना राघौगढ़ का बताया एवं उसकी मोटरसाइकिल पर लटकी दोनों कैनों की जांच करने पर उनमें हाथ भट्टी से निर्मित कुल 80 लीटर अवैध कच्ची शराब भरी हुई पाई गई । पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से बरामद 8,000/- मूल्य की अवैध शराब एवं शराब तस्करी में प्रयुक्त 80,000/- मूल्य की मोटरसाइकिल, कुल 88,000/-रूपये की सामग्री विधिवत जप्त की जाकर आरोपी विशाल कंजर के विरुद्ध राघौगढ़ थाने में अप.क्र. 268/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई ।
अवैध शराब के विरुद्ध की गई इस प्रभावी कार्यवाही में राघौगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अजय जाट के नेतृत्व में जंजाली चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रचना राजावत, उपनिरीक्षक कमल सिंह मीणा, सउनि सीताराम धुर्वे, प्रधान आरक्षक दामोदर धाकड़, प्रधान आरक्षक राम मोहन दुबे, आरक्षक बलभद्र चौहान, आरक्षक अमित जाट, आरक्षक धर्मेंद्र रावत, आरक्षक पपेंद्र रावत, आरक्षक नंदकिशोर बाथम, आरक्षक बृजेश साहू, आरक्षक कपिल ओझा एवं विजयपुर थाने से उपनिरीक्षक कांतिप्रसाद दिवाकर, सउनि रामप्रसाद, आरक्षक कौशलकिशोर तथा धरनावदा थाने से उपनिरीक्षक महेश सिकरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
गुना पुलिस जिले में अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही कर रही है । जिले में नशे के अवैध कारोबार एवं तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी । पुलिस का उद्देश्य जिले में नशामुक्त, सुरक्षित एवं शांत वातावरण स्थापित करना है ।
