*भरण-पोषण के प्रकरणों में फरार वारंटियों की धरपकड़ हेतु गुना पुलिस का '' ऑपरेशन हेल्पिंग हैंड ''*
*म्याना थाना पुलिस ने भरण-पोषण के प्रकरण में लंबे समय से फरार वारंटी किया गिरफ्तार
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशानुसार भरण-पोषण के प्रकरणों में जारी वारंटों की तामीली हेतु प्रदेशभर में विशेष अभियान “ऑपरेशन हेल्पिंग हैंड” चलाया जा रहा है । जिसके तहत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा भरण-पोषण के प्रकरणों में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री हेमंत पाण्डेय के पर्यवेक्षण में म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया और उनकी टीम द्वारा भरण-पोषण के एक प्रकरण में जारी वसूली/गिरफ्तारी वारंट में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को गिरफ्तार किया गया है ।
उल्लेखनीय है कि वारंटी रामेश्वर साहू निवासी ग्राम डुंगासरा हाड़ा के विरुद्ध उसकी पत्नी द्वारा माननीय कुटुम्ब न्यायालय, गुना में भरण-पोषण हेतु प्रकरण प्रस्तुत किया गया था । प्रकरण में न्यायालय द्वारा पत्नी के भरण-पोषण के लिए प्रतिमाह राशि निर्धारित की गई थी । किंतु रामेश्वर साहू के द्वारा निर्धारित भरण-पोषण राशि का भुगतान नहीं किए जाने के कारण लंबित राशि की वसूली हेतु माननीय कुटुम्ब न्यायालय, गुना से न्यायालयीन प्रकरण क्रमांक 150/24 में उसके विरुद्ध वसूली/गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था ।
वारंटी की गिरफ्तारी के लिए म्याना थाना पुलिस द्वारा लगातार तलाश एवं पतारसी की जा रही थी । इसी दौरान गत दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को वारंटी के संबंध में मुखबिर से सूचना मिलने पर म्याना थाना पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए प्रकरण में लंबे समय से फरार वसूली वारंटी रामेश्वर पुत्र कन्हैयालाल साहू उम्र 25 साल निवासी ग्राम डुंगासरा हाड़ा थाना म्याना को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया ।
म्याना थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक वासुदेव रावत, प्रधान आरक्षक अखिल शर्मा, आरक्षक देवेन्द्र जाटव एवं आरक्षक रामकृष्ण जाटव विशेष भूमिका रही है ।
गुना पुलिस द्वारा न्यायालयीन आदेशों एवं वारंटों की तामीली सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । “ऑपरेशन हेल्पिंग हैंड” के तहत भरण-पोषण संबंधी प्रकरणों में फरार वारंटियों की गिरफ्तारी एवं न्यायालयीन आदेशों के पालन हेतु अभियान निरंतर जारी है ।
