पुलिस स्मृति दिवस पर वीर शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन
*गुना पुलिस लाईन स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन*
*कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को पुष्पचक्र अर्पित कर दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि*
देश की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में आज दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को गुना पुलिस द्वारा पुलिस स्मृति दिवस श्रद्धा, सम्मान एवं गौरव के साथ मनाया गया । पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में गुना पुलिस लाईन स्थित शहीद स्मारक परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में न्यायिक, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का स्मरण किया ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख की दुर्गम पहाड़ियों में चीनी सैनिकों के हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 10 वीर जवान शहीद हो गए थे । मातृभूमि की रक्षा और कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राण न्योछावर करने वाले इन वीर जवानों की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है । यह दिवस पुलिस बलों के अदम्य साहस, त्याग, समर्पण और कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा का प्रतीक है ।
आज पुलिस स्मृति दिवस समारोह का शुभारंभ प्रातः 09:00 बजे हुआ । इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने वर्ष 2025-26 के दौरान देशभर में कर्तव्य निर्वहन करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले कुल 154 वीर जवानों के नामों का वाचन किया । इन अमर शहीदों में मध्यप्रदेश पुलिस के 09 वीर सपूत भी शामिल हैं, जिन्होंने कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर कर पुलिस विभाग एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया । शहीद मध्यप्रदेश पुलिस के इन वीर जवानों में 1-निरीक्षक श्री आशीष शर्मा, 2-उपनिरीक्षक श्री अशोक शर्मा, 3-सहायक उपनिरीक्षक श्री मदनलाल निनामा, 4-प्रधान आरक्षक श्री सर्जन सिंह भील, 5-प्रधान आरक्षक श्री परिमल सिंह तोमर, 6-प्रधान आरक्षक श्री ओमप्रकाश भवेदी, 7-आरक्षक श्री विकाश चतुर्वेदी, 8-आरक्षक श्री महेश प्रसाद पाठक एवं 9-महिला आरक्षक सुश्री आरती पाल शामिल हैं ।
शहीद जवानों के नामों के वाचन के उपरांत उनकी सूची शहीद स्मारक पर रखी गई । शोक परेड एवं सलामी के साथ अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए । समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौन धारण कर शहीद जवानों के प्रति अपनी विनम्र श्रद्धांजलि व्यक्त की ।
श्रद्धांजलि समारोह में प्रमुख रूप से माननीय विशेष न्यायाधीश श्री आर.के. जैन, अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती सोनाली शर्मा, अपर सत्र न्यायाधीश सुश्री शैलजा गुप्ता, माननीय विधायक गुना श्री पन्नालाल शाक्य, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, उपमहानिरीक्षक एवं सेनानी एसएएफ श्री विकास पाठक, जेल अधीक्षक श्री अतुल सिन्हा, उप सेनानी श्री प्रवीण सिंह परिहार, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्डेय, डिप्टी कलेक्टर श्री संजीव खेमरिया, डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित, डीएसपी मुख्यालय श्री जमील उद्दीन सिद्दकी, सीएसपी गुना सुश्री सैफा हासमी, एसडीओपी गुना श्री विकाश पाण्डेय, होमगार्ड कमांडेंट श्री आर.के. पथरौल, रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, एडीपीओ श्री के.जी. राठौर आदि सहित पुलिस एवं अन्य शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे । इनके अतिरिक्त पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारीगण, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार तथा नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री धर्म सोनी ने भी समारोह में सहभागिता कर शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई ।
समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने शहीद जवानों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि “हमारे शहीद साथियों ने अपने कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान दिया है । उनके अदम्य साहस, निष्ठा और देशप्रेम को हम नमन करते हैं । पुलिस विभाग सदैव उनके परिवारों के साथ खड़ा है ।”
पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन उन वीर जवानों के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया । उनका अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव पुलिस बलों को कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा । गुना पुलिस वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को शत-शत नमन करती है ।
