Type Here to Get Search Results !

धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम झागर में युवक द्वारा आत्महत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार की तलाश जारी

 *आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में गुना पुलिस की प्रभावी कार्यवाही*


*धरनावदा थाना क्षेत्र के ग्राम झागर में युवक द्वारा आत्महत्या मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य फरार की तलाश जारी*



*रुपयों के लेन-देन, मारपीट एवं जमीन बेचने का दबाव बनाने के कारण मानसिक रूप से प्रताड़ित होने की जांच में हुई पुष्टि*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में गंभीर एवं संवेदनशील अपराधों की निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता से जांच कर आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी श्री विवेक अष्ठाना के नेतृत्व में धरनावदा थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के गंभीर मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया गया है ।


               प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम झागर थाना धरनावदा निवासी हेमराज पुत्र लालाराम किरार उम्र 35 वर्ष ने दिनांक 18 सितंबर 2026 को जहरीला पदार्थ खा लिया था । उपचार के दौरान जिला चिकित्सालय गुना में उसकी मृत्यु हो गई थी । घटना की गंभीरता को देखते हुए धरनावदा थाना पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई । प्रकरण की जांच एसडीओपी श्री विवेक अष्ठाना को सौंपी गई ।


               पुलिस द्वारा मृतक के परिजनों से पूछताछ, घटनास्थल के निरीक्षण तथा मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट सहित अन्य तथ्यों की जांच की गई । जांच में सामने आया कि आरोपी विट्ठल किरार एवं अन्य के द्वारा रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद, मारपीट, जमीन बेचने के लिए दबाव डालने तथा पूर्व में बेची गई जमीन के सौदे के अनुसार पूरी राशि नहीं देने जैसी परिस्थितियों के कारण मृतक मानसिक रूप से प्रताड़ित था । इन परिस्थितियों से क्षुब्ध होकर मृतक हेमराज किरार ने आत्महत्या कर ली थी ।


               संपूर्ण मर्ग जांच उपरांत दिनांक 25 सितंबर 2026 को उपरोक्त चारों आरोपियों के विरूद्ध धरनावदा थाने में अपराध क्रमांक 202/26, धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया । प्रकरण दर्ज होने के बाद से ही पुलिस द्वारा आरोपियों की सरगर्मी तलाश की जा रही थी । जिसके क्रम में आज दिनांक 11 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना पर झागर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए फरार आरोपी विट्ठल पुत्र नन्नूलाल किरार उम्र 59 वर्ष निवासी ग्राम झागर थाना धरनावदा जिला गुना को गिरफ्तार कर लिया गया एवं विधिवत कार्यवाही उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है । प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही है ।


               उक्त कार्यवाही में एसडीओपी श्री विवेक अष्ठाना के नेतृत्व में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रूहिल शर्मा, झागर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनिल कदम, सउनि शिवनंदन सिंह, प्रधान आरक्षक जोगेश शर्मा, आरक्षक राघवेन्द्र बुन्देला एवं आरक्षक पवन शर्मा का सराहनीय योगदान रहा है ।


               गुना पुलिस द्वारा गंभीर एवं संवेदनशील अपराधों में प्रत्येक तथ्य एवं परिस्थिति का बारीकी से परीक्षण कर निष्पक्षता से जांच करते हुए दोषियों के विरुद्ध प्रभावी एवं वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है । पुलिस की प्राथमिकता अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, पीड़ितों को न्याय दिलाने की दिशा में कार्य करना तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.