Type Here to Get Search Results !

केंट थाना पुलिस ने कालापाठा क्षेत्र में एक घर से अवैध रूप से भंडारित आतिशबाजी की बरामद

 *अवैध आतिशबाजी निर्माण एवं भंडारण पर गुना पुलिस की निरंतर कार्यवाही*


केंट थाना पुलिस ने कालापाठा क्षेत्र में एक घर से अवैध रूप से भंडारित आतिशबाजी की बरामद



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध आतिशबाजी के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है । विशेष रूप से रहवासी क्षेत्रों में विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा प्रभावी वैधानिक कार्यवाहियां की जा रही हैं ।


               इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना सुश्री सैफा हासमी के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र के कालापाठा में एक घर से अवैध रूप से भंडारित आतिशबाजी बरामद कर जप्त की गई है ।


               उल्लेखनीय है कि गत दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को केंट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कालापाठा निवासी शमीम बानो द्वारा अपने घर में विक्रय के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री (पटाखों) का अवैध रूप से भंडारण किया गया है । रहवासी क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री रखे होने की सूचना को गंभीरता से लेते हुए केंट थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और प्राप्त सूचना के संबंध में कार्यवाही की । घर में मौजूद महिला ने अपना नाम शमीम बानो पत्नि अजमेरी खान   निवासी कालापाठा केंट गुना की होना बताया । पुलिस टीम द्वारा घर की विधिवत तलाशी लेने पर एक कमरे से छोटे-बडे कुल 200 नग देशी पटाखे (आतिशबाजी) बरामद हुए ।


               रहवासी क्षेत्र में इस प्रकार विस्फोटक सामग्री का भंडारण किए जाने से आगजनी अथवा अन्य अप्रिय घटना होने का खतरा उत्पन्न हो सकता था । आरोपिया का कृत्य विस्फोटक अधिनियम के तहत दंडनीय पाए जाने पर बरामद आतिशबाजी को पुलिस द्वारा विधिवत जप्त कर आरोपिया के विरूद्ध केंट थाने में अपराध क्रमांक 1014/26, धारा 288 बीएनएस एवं विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई ।


               अवैध आतिशबाजी भंडारण के विरूद्ध केंट थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक अरूंधति राजावत, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण पारस, प्रधान आरक्षक दीपेन्द्र परिहार एवं आरक्षक रवि जाट की विशेष भूमिका रही है ।


               गुना पुलिस की अपील है कि आतिशबाजी एवं विस्फोटक सामग्री का भंडारण और विक्रय निर्धारित नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही करें । रहवासी क्षेत्रों में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री रखने से गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है । अवैध आतिशबाजी निर्माण, भंडारण एवं विक्रय से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्यवाही कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.