नरवाई पराली, मक्का के अवशेष न जलाएं, खेत बचाएं अभियान के तहत किसानों को किया जाएगा जागरूक
गुना
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा किसानों को फसल अवशेष (नरवाई) नहीं जलाने एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “नरवाई न जलाएं, खेत बचाएं अभियान” चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत उपसंचालक कृषि श्री संजीव कुमार शर्मा ने ग्राम बेहटा एवं गेहूंखेड़ा के किसानों को बताया गया कि फसल कटाई के बाद खेतों में बची नरवाई को जलाना मिट्टी की उर्वरा शक्ति के लिए नुकसानदायक है। नरवाई जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभदायक सूक्ष्म जीव एवं जैविक पदार्थ नष्ट होते हैं। साथ ही मिट्टी के आवश्यक पोषक तत्वों को भी नुकसान पहुंचता है तथा पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है।
किसानों को सलाह दी जा रही है कि नरवाई में आग लगाने के स्थान पर उसका उचित प्रबंधन करें। नरवाई को खेत में मिलाकर जैविक खाद के रूप में उपयोग करें तथा सुपर सीडर, हैप्पी सीडर, स्ट्रॉ रीपर एवं अन्य कृषि यंत्रों की सहायता से फसल अवशेषों का प्रबंधन करें। कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे स्वयं नरवाई न जलाएं और अपने आसपास के किसानों को भी इसके लिए प्रेरित करें। खेत की मिट्टी की उर्वरा शक्ति, पर्यावरण एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए नरवाई का उचित प्रबंधन अपनाना आवश्यक है। उक्त कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारी तथा गांव के कृषक उपस्थित रहे।
