Type Here to Get Search Results !

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत राघौगढ के ग्राम शाहपुर में जिला स्तरीय शिविर आयोजित, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान अंतर्गत राघौगढ के ग्राम शाहपुर में जिला स्तरीय शिविर आयोजित, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं

दिव्यांग आवेदक को स्वरोजगार के लिए कलेक्टर ने दी आर्थिक सहायता, किसानों को प्राकृतिक एवं आधुनिक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित



गुना 

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को राघौगढ़ विकासखंड के ग्राम शाहपुर स्थित पंचायत भवन में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विधायक श्रीमती प्रियंका पेची, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गई तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं से संबंधित आवेदनों पर कार्यवाही की गई। शिविर में दिव्यांग आवेदक श्री प्रेम सिंह मीना को स्वरोजगार शुरू करने के लिए कलेक्टर द्वारा ₹10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने, गांवों को स्वच्छ रखने तथा आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।

दिव्यांग आवेदक को स्वरोजगार के लिए दी आर्थिक सहायता

शिविर में दिव्यांग आवेदक श्री प्रेम सिंह मीना ने बताया कि वे शिक्षित हैं और कंप्यूटर से संबंधित कार्य शुरू कर स्वयं का रोजगार स्थापित करना चाहते हैं। इस पर कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने उन्हें ₹10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने श्री मीना को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे छोटे स्तर से अपना काम शुरू करें और धीरे-धीरे उसका विस्तार करें। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षित होने से वह स्वरोजगार के साथ अपनी आगे की पढाई भी जारी रख सकते हैं तथा कोचिंग संचालन जैसे विकल्पों पर भी विचार कर सकते हैं।

ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर

शिविर में राजस्व, कृषि, स्वास्थ्य, खाद्य एवं अन्य संबंधित विभागों की सेवाओं के संबंध में ग्रामीणों को जानकारी दी गई। नामांतरण, बंटवारा, बटांकन, किसान कल्याण योजनाओं, विभिन्न प्रमाण-पत्रों, पात्रता पर्ची एवं आयुष्मान कार्ड सहित अन्य सेवाओं से संबंधित आवेदनों एवं समस्याओं पर संबंधित विभागों द्वारा कार्यवाही की गई। जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं, शिकायतें एवं मांगें सुनी गईं। अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए समस्याओं का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सरकार गांव-गांव पहुंचकर कर रही समस्याओं का निराकरण : विधायक

विधायक श्रीमती प्रियंका पेची ने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि सरकार स्वयं आपके बीच पहुंचकर आपकी समस्याएं सुन रही है। शासन द्वारा महिलाओं, किसानों एवं युवाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार हर वर्ग की चिंता करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

स्वच्छ गांव और आधुनिक खेती से मजबूत होगा समाज : जिला पंचायत अध्यक्ष

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़ ने ग्रामीणों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार गांव को भी साफ-सुथरा रखना चाहिए। गंदगी से अनेक बीमारियां फैलती हैं, इसलिए स्वच्छता को जनभागीदारी से जनआंदोलन का रूप देना आवश्यक है। उन्होंने किसानों को जैविक एवं आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।

प्राकृतिक खेती और हॉर्टिकल्चर से किसान ले रहे बेहतर लाभ : कलेक्टर

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि गुना जिले के कई किसान प्राकृतिक खेती एवं आधुनिक कृषि उपकरणों का उपयोग कर परंपरागत खेती से आगे बढ़ रहे हैं। अनेक किसान हॉर्टिकल्चर यानी उद्यानिकी की ओर रुख कर बेहतर लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने किसानों से खेती में नवाचार अपनाने, आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने तथा कृषि की नई संभावनाओं को समझने का आह्वान किया।

शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित

शिविर में राजस्व विभाग के अंतर्गत बंटवारा, फौती नामांतरण एवं नक्शा बटांकन संबंधी प्रकरणों का निराकरण कर हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। सामाजिक न्याय विभाग के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत की गई। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्व-सहायता समूहों को मुद्रा ऋण एवं सीसीएल ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। साथ ही खाद्य विभाग के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की नवीन राशन पर्चियां बनाई गई।

उद्योग संवाद में उद्यमियों की समस्याओं पर चर्चा

शिविर के दौरान उद्योग संवाद आयोजित किया गया, जिसमें वृहद, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) तथा कुटीर उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की गतिविधियों, अनुभवों एवं समस्याओं पर चर्चा की गई। उद्यमियों को व्यवसाय विस्तार एवं स्वरोजगार गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए शासन की योजनाओं और उपलब्ध सहयोग की जानकारी देने पर जोर दिया गया। संबंधित विभागों को उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।

शिविर में सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम श्री अमित सोनी सहित अन्‍य अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.