Type Here to Get Search Results !

बच्चों की कम उपस्थिति पर बीईओ, प्राचार्य और शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश

 बच्चों की कम उपस्थिति पर बीईओ, प्राचार्य और शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश

कलेक्टर ने कक्षा में पहुंचकर परखी शिक्षण व्यवस्था, बच्चों से पूछे सवाल; पंचायत, आंगनवाड़ी और उचित मूल्य दुकान का भी किया निरीक्षण


गुना 

मुख्‍यमंत्री जन-विश्‍वास अभियान अंतर्गत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शुक्रवार को राघौगढ भ्रमण के दौरान विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एकीकृत शासकीय स्कूल शाहपुर में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर नाराजगी व्‍यक्‍त करते हुए जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ), स्‍कूल प्राचार्य एवं शिक्षकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान चांचौड़ा विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद धाकड़, एसडीएम श्री अमित सोनी भी उपस्थित थे।

कक्षा में पहुंचकर परखी पढ़ाई की गुणवत्ता, बच्चों से पूछे सवाल

कलेक्टर श्री कन्याल ने एकीकृत शासकीय स्कूल शाहपुर में कक्षाओं का अवलोकन कर शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षक से विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए कहा तथा स्वयं बच्चों से संवाद कर उनके सीखने और समझने के स्तर को परखा। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाए गए विषयों पर सवाल पूछे और यह देखा कि बच्चे विषयवस्तु को कितनी अच्छी तरह समझ पा रहे हैं। कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि वे पढ़ाने के ऐसे तरीके अपनाएं, जिनसे बच्चे विषय को आसानी से समझ सकें और सीखी गई बातों को आत्मविश्वास के साथ व्यक्त कर सकें। इस दौरान विधायक श्रीमती प्रियंका पेंची ने भी विद्यार्थियों से संवाद किया।

नियमित उपस्थिति के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर

कलेक्टर ने कहा कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना और उनकी पढ़ाई पर ध्यान देना आवश्यक है। शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हुई प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले वर्ष गुना जिले के तीन विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया, वहीं लगभग 2,700 विद्यार्थियों को लैपटॉप प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।

ग्राम पंचायत कार्यालय का निरीक्षण कर लोगों से किया संवाद

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कार्यालय नसीरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया तथा उपस्थित लोगों से संवाद कर पंचायत की व्यवस्थाओं और कार्यों के संबंध में जानकारी ली।

आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को वितरित की खाद्य सामग्री

भ्रमण में शाहपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और बच्चों को खाद्य सामग्री वितरित की। उन्होंने बच्चों के पोषण तथा केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।

उचित मूल्य दुकान की व्यवस्थाएं भी देखीं

कलेक्टर ने शाहपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.