पराली-नरवाई जलाने पर रोक के लिए गांव-गांव चलेगा जागरूकता अभियान
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने बैठक लेकर दिए निर्देश
गुना
खेतों में पराली एवं नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए जिले में गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से किसानों को फसल अवशेष जलाने से होने वाले नुकसान तथा इसके दुष्परिणामों की जानकारी देकर उचित प्रबंधन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने संबंधित अधिकारियों को पराली एवं नरवाई प्रबंधन के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के अधिकारियों सहित किसान संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि राज्य शासन पराली एवं नरवाई प्रबंधन को प्राथमिकता दे रहा है। इसके लिए संबंधित विभाग किसानों को फसल अवशेष जलाने के बजाय उनके उचित प्रबंधन के विकल्पों की जानकारी दें और जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करें। उन्होंने कहा कि पराली एवं नरवाई जलाने पर प्रतिबंध है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में किसानों को जागरूक करने के लिए कृषि यंत्रों का प्रदर्शन, किसान सम्मेलन, संगोष्ठी एवं कृषक चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पराली जागरूकता रथ के माध्यम से गांव-गांव प्रचार-प्रसार करने तथा सोशल मीडिया के जरिए किसानों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने को कहा गया।
बैठक में किसान संघ के प्रतिनिधियों के सुझाव भी सुने गए। पराली एवं नरवाई प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए किसानों को जागरूक करने और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया गया।
