Type Here to Get Search Results !

मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई करें, त्योहारों में आतिशबाजी दुकानों के लिए SOP का पालन सुनिश्चित करें

 

 

मिलावटखोरों पर बड़ी कार्रवाई करें, त्योहारों में आतिशबाजी दुकानों के लिए SOP का पालन सुनिश्चित करें

कलेक्टर श्री कन्याल ने समय-सीमा बैठक में दिए निर्देश, सड़क मरम्मत और निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने पर जोर

विकसित गुना के तहत एक नवंबर को कृषि एवं उद्यानिकी आधारित नवाचारों की लगेगी प्रदर्शनी



गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, अतिशबाजी दुकानों के संचालन में निर्धारित मानकों एवं एसओपी का पालन सुनिश्चित कराने तथा नगरीय क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की सेहत सर्वोच्च प्राथमिकता है और मिलावटी खाद्य पदार्थों से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में डीएफओ श्री अक्षय राठौड़, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अतिशबाजी दुकानों में सुरक्षा मानकों का हो पालन

कलेक्टर ने बैठक की शुरुआत में अतिशबाजी दुकानों के लाइसेंस, स्थान निर्धारण एवं संचालन से संबंधित निर्धारित मानकों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुकानों की स्थापना से लेकर संचालन तक सभी प्रक्रियाएं निर्धारित एसओपी के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध करें प्रभावी कार्रवाई

कलेक्टर ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिलावट लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। इसलिए ऐसे मामलों में कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएं।



सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्यों की समय-सीमा पर जोर

नगरीय क्षेत्रों में सड़कों पर बने गड्ढों की समस्या के संबंध में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत एवं रखरखाव के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए, ताकि समय पर सुधार कार्य कराया जा सके। उन्होंने सभी निर्माण विभागों को अपने कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए कहा।

एक नवंबर को लगेगी विकसित गुना की प्रदर्शनी

कलेक्टर ने उद्यानिकी एवं कृषि विभाग को एक नवंबर को आयोजित होने वाली प्रदर्शनी की तैयारी करने के निर्देश दिए। प्रदर्शनी में कृषि, उद्यानिकी तथा कृषि आधारित गतिविधियों से जुड़े उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों के मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य विकसित गुना के अंतर्गत जिले में हो रहे अच्छे कार्यों को प्रदर्शित करना है।

पराली प्रबंधन पर लगातार कार्रवाई के निर्देश

कलेक्टर ने कृषि विभाग को पराली प्रबंधन के संबंध में निरंतर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी इस विषय पर सतत निगरानी रखें और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।

वन संबंधी लंबित प्रकरणों का जल्द करें निराकरण

बैठक में वन विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने संबंधित विभागों से वन संबंधी मुद्दों की जानकारी लेकर उनके शीघ्र निराकरण की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों के प्रकरण वन विभाग से संबंधित हैं, वे अपनी समस्याएं एवं लंबित विषय बैठक में प्रस्तुत करें, ताकि समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण

कलेक्टर श्री कन्याल ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का निराकरण संभव है, उनका तत्काल निराकरण किया जाए। उन्होंने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कॉलोनियों की समस्याओं पर बोले कलेक्टर, प्लॉट खरीदने से पहले जांचें सुविधाएं

कलेक्टर ने कॉलोनियों में सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों पर कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित कॉलोनाइजर की जिम्मेदारी भी तय की जानी चाहिए। यदि कॉलोनाइजर ने प्लॉट बेचते समय सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है और उनका पालन नहीं किया है, तो नियमानुसार कार्रवाई की दिशा में कदम उठाए जाएं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं एवं संबंधित व्यवस्थाओं की भली-भांति जांच कर लें। पूरी जानकारी प्राप्त करने के बाद ही प्लॉट खरीदने का निर्णय लें।

खेल में बेहतर प्रदर्शन के लिए बच्ची को दिए स्पोर्ट्स शूज

बैठक के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे ने खेल में अच्छा प्रदर्शन करने वाली एक बच्ची को उसकी मांग पर स्पोर्ट्स शूज भेंट किए। बच्ची ने भरोसा दिलाया कि वह आगे और मेहनत करेगी तथा दूसरे-तीसरे स्थान के बजाय पहला स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करने का प्रयास करेगी।

जन्मदिन पर अधिकारियों को भेंट किए पौधे

सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे ने अपने जन्मदिन के अवसर पर जिला अधिकारियों को पौधे भेंट किए। उन्होंने अधिकारियों से पौधों को अपने घरों में लगाकर उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पौधे के बड़े होने पर उससे मिलने वाला पर्यावरणीय लाभ ही उनके लिए सबसे अच्छा उपहार होगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.