गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिले के जिला चिकित्सालय सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर 14–15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीनेशन किया जा रहा है।
इसी क्रम में बीनागंज विकासखंड में बीएमओ डॉ. राजेश कुमार पुष्पक द्वारा समस्त आशा कार्यकर्ताओं को लक्षित हितग्राही बालिकाओं की ग्रामवार सूची तैयार कर उन्हें प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सीएचओ एवं एएनएम को भी वैक्सीनेशन कार्य हेतु आदेशित किया गया है। बीएमओ ने बताया कि टीकाकरण को लेकर सभी स्तरों पर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
इसी तारतम्य में हाई स्कूल बटावदा में आरबीएसके एमओ डॉ. अमित जायसवाल, बीपीएम जितेन्द्र सेन एवं व्हीबीडी तकनीकी पर्यवेक्षक प्रदीप सेन द्वारा स्टाफ व विद्यार्थियों को एचपीवी वैक्सीनेशन के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर टीकाकरण हेतु प्रेरित किया गया।
बीपीएम जितेन्द्र सेन ने बताया कि विकासखंड चाचौड़ा में बीनागंज सीएचसी, कुम्भराज सीएचसी एवं मृगवास पीएचसी में एचपीवी वैक्सीनेशन किया जा रहा है, जहाँ हितग्राही अपनी सुविधा अनुसार किसी भी केंद्र पर टीकाकरण करा सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है तथा सर्वाइकल कैंसर से होने वाली मृत्यु दर को कम करने में प्रभावी है।
कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. अमित जायसवाल द्वारा बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। वहीं प्रदीप सेन ने वेक्टर बॉर्न डिजीज से बचाव के उपायों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एचपीवी टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि टीकाकरण के माध्यम से पूर्व में चेचक व पोलियो जैसी बीमारियों पर विजय प्राप्त की जा चुकी है।
