खनिज विभाग की कार्रवाई लगातार जारी, 04 वाहन जब्त
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है। प्रशासन को प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए छापामार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में क्षेत्र भ्रमण के दौरान म्याना के पास 01 डंपर खनिज गिट्टी का अवैध रूप से रॉयल्टी में उल्लिखित मात्रा से अधिक परिवहन करते हुए पाया गया, जिसे मौके पर जब्त किया गया। वहीं गुना शहर में बिना किसी अनुमति के खनिज भंडारण से 01 ट्रैक्टर-ट्रॉली भरते हुए पकड़ा गया, जिसे जब्त कर कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया।
इसके अतिरिक्त बीनागंज क्षेत्र में भ्रमण के दौरान 01 ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं 01 ट्रैक्टर-लोडर को खनिज भंडार से एम-सैंड भरते हुए पाए जाने पर जब्त किया गया तथा उन्हें चौकी बीनागंज में खड़ा कराया गया।
उक्त कार्रवाई में कुल 04 वाहनों को जब्त कर उनके विरुद्ध चालानी कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में खनिज अधिकारी श्री सचिन वर्मा, प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय कुमार चक्रवर्ती सहित खनिज विभाग का अमला एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
