दिनांक 15 से 30 जुलाई तक गुना पुलिस चलाएगी "नशे से दूरी, है जरूरी 2.0" जनजागरूकता अभियान
*आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से जिलेभर में होगा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन*
नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा गत वर्ष संचालित "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान की उल्लेखनीय सफलता को दृष्टिगत रखते हुए इस वर्ष भी "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" अभियान संचालित किए जाने का निर्णय लेते हुए अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है । यह राज्यव्यापी अभियान 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक मध्यप्रदेश के प्रत्येक जिले में आयोजित किया जाएगा ।
इसी क्रम में गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा । अभियान के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थलों, शासकीय कार्यालयों सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जएगा ।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा । साथ ही नागरिकों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया जाएगा ।
गुना पुलिस का यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज में नशे के विरुद्ध सकारात्मक जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करते हुए प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ, सुरक्षित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा ।
