संविदा समाप्त होने के बाद भी डूडा के सिटी मिशन मैनेजर को एक साल तक नियम विरुद्ध वेतन भुगतान का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा।
वेतन भुगतान की उच्च स्तरीय जांच कर वसूली एवं दोषियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की मांग।
सागर / दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) की अवधि दिनाँक 30 सितम्बर 2024 को समाप्त हो जानें तथा जिला शहरी विकास अभिकरण (DUDA), सागर में परियोजना अधिकारी के रूप में कार्यरत सचिन मसीह ( संविदा सिटी मिशन मैनेजर ) की संविदा समाप्त हो जाने बावजूद दिनांक 01 अप्रैल 2025 से माह अप्रैल 2026 तक वेतन का भुगतान किए जाने तथा दिनाँक 06 मई 2026 को श्रीमान कलेक्टर महोदया जिला सागर के द्वारा परियोजना अधिकारी के प्रभार से भारमुक्त किए जाने के बाद भी श्री सचिन मसीह के द्वारा जिला शहरी विकास अभिकरण (DUDA), सागर में नियम विरुद्ध तरीके से कार्यरत रहनें की जांच व तत्काल प्रभाव से कठोर एवं निष्पक्ष कार्यवाही करने की मांग को लेकर मध्य प्रदेश जागरूक युवा संगठन सागर मध्य प्रदेश के जिला प्रभारी मनोज कुमार अहिरवार ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी को पत्र लिखा है साथ ही उक्त पत्र कलेक्टर सागर एवं आयुक्त नगर निगम सागर को भी भेजी गईं हैं। जिला प्रभारी मनोज कुमार अहिरवार ने मुख्यमंत्री को लिखें पत्र में कहा है कि दीन दयाल अंत्योदय योजना– राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के संबंध में संचालनालय नगरीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार योजना समाप्त होने के उपरांत संविदा पद स्वतः समाप्त हो चुके थे। इसके अतिरिक्त कलेक्टर सागर द्वारा भी दिनाँक 06 मई 2026 को सचिन मसीह को जिला शहरी विकास अभिकरण (DUDA) से विधिवत भारमुक्त किए जाने का आदेश जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद उन्हें शासकीय धनराशि से वेतन का भुगतान किया गया है जो कि गंभीर वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितता है। श्री अहिरवार ने कहा हैं कि नियम विरुद्ध वेतन भुगतान का यह कृत्य मध्यप्रदेश वित्तीय संहिता (M.P. Financial Code), मध्यप्रदेश कोषालय संहिता (Treasury Code), मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965, तथा शासन द्वारा संविदा नियुक्तियों एवं शासकीय धनराशि के भुगतान संबंधी लागू नियमों एवं निर्देशों के विपरीत प्रतीत होता हैं साथ ही बिना वैध नियुक्ति एवं कार्यभार के भुगतान किया गया है जो कि शासकीय धन की हानि का मामला है,जिसकी निष्पक्ष जांच एवं उत्तरदायित्व निर्धारण आवश्यक है। मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में मांग की गई हैं कि ( 1 ) सचिन मसीह को दिनांक 01 अप्रैल 2025 से माह अप्रैल 2026 तक किए गए समस्त वेतन भुगतान की उच्च स्तरीय एवं स्वतंत्र जांच कराई जाए।( 2 ) यह भी जांच कराई जाए कि संविदा समाप्त होने एवं कलेक्टर महोदय जिला सागर द्वारा भारमुक्त किए जाने के बाद भी किस वैधानिक आदेश व किस सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के आधार पर सचिन मसीह जिला शहरी विकास अभिकरण सागर में कार्य कर रहें हैं।( 3 ) जांच उपरान्त नियम-विरुद्ध हुये वेतन भुगतान की बसूली सचिन मसीह से की जाए तथा भुगतान स्वीकृत करने,आहरित करने एवं वितरित करने वाले समस्त उत्तरदायी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी निर्धारित कर उनके विरुद्ध विभागीय एवं दण्डात्मक कार्यवाही की जाए। ( 4 ) संपूर्ण प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र उच्च स्तरीय जांच एजेंसी से कराई जाए,जिससे शासकीय धन के दुरुपयोग के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
