Type Here to Get Search Results !

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने किया फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट परिसर का भ्रमण, विद्यार्थियों से किया संवाद


गुना 

केंद्रीय संचार मंत्री तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज फुटवियर डिजाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई), गुना परिसर का भ्रमण किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान की शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाओं का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और अधिकारियों के साथ संवाद किया।

इस अवसर पर केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया का स्वागत एफडीडीआई के प्रबंध निदेशक श्री विवेक शर्मा (आईआरएस), श्रीमती मंजु मन, कार्यकारी निदेशक, वरिष्ठ अधिकारियों, संकाय सदस्यों तथा विद्यार्थियों द्वारा किया गया।

केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं का भी निरीक्षण किया, जिनमें डिजाइनिंग, कटिंग, क्लोजिंग, कंपोनेंट तथा लास्टिंग लैब शामिल हैं। इस दौरान विद्यार्थियों ने फुटवियर डिजाइन और उत्पादन से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन भी किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने उन्हें नवाचार, कौशल विकास तथा रचनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि भारत के युवा देश के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और एफडीडीआई जैसे संस्थान उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रहे हैं।

अपने स्वागत संबोधन में प्रबंध निदेशक ने बताया कि एफडीडीआई देश के फुटवियर, फैशन, लेदर तथा रिटेल उद्योगों के लिए कुशल मानव संसाधन तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

कार्यकारी निदेशक, श्रीमती मंजु मन ने अपने धन्यवाद ज्ञापन में बताया कि एफडीडीआई गुना परिसर का उद्घाटन वर्ष 2017 में श्री सिंधिया द्वारा किया गया था, जब वे भारत सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत थे। वर्तमान में यह परिसर क्षेत्र में डिजाइन तथा कौशल विकास के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। उन्‍होंने बताया एफडीडीआई गुना परिसर में  B.Des – फुटवियर डिजाइन एंड प्रोडक्शन, B.Des – फैशन डिजाइन, MBA – रिटेल एंड फैशन मर्चेंडाइजिंग शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। ये पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को डिजाइन, तकनीक तथा प्रबंधन के क्षेत्रों में समग्र ज्ञान और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करते हैं, जिससे वे तेजी से विकसित हो रहे फुटवियर, फैशन और रिटेल उद्योग में सफलतापूर्वक अपना योगदान दे सकें।

केंद्र प्रभारी, श्री जितेंद्र गुप्त ने जानकारी दी कि संस्थान में अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए प्लेसमेंट गतिविधियाँ प्रारम्भ हो चुकी हैं। इस वर्ष अब तक एफडीडीआई के 12 परिसरों में आयोजित प्लेसमेंट प्रक्रिया में अनेक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। एफडीडीआई गुना परिसर के विद्यार्थियों का चयन भी प्रतिष्ठित ब्रांड्स जैसे मेट्रो, हाउस ऑफ रेयर, जे-क्यू-आर स्पोर्ट्स तथा डेंड्राइट में हो चुका है, जबकि शेष विद्यार्थियों के लिए प्लेसमेंट प्रक्रिया जारी है। इस अवसर परएफडीडीआई गुना एवं नोएडा की कार्यकारी निदेशक श्रीमती मंजू ‘मन’ ने संस्थान की गतिविधियों, अधोसंरचना तथा कौशल विकास से जुड़े प्रयासों पर संक्षिप्त प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया के साथ संवाद किया, जिसमें उन्होंने अपने करियर, कौशल विकास तथा उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। साथ ही मेधावी छात्रों को केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया द्वारा से सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकारी निदेशक द्वारा धन्यवाद दिया और केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया का संस्थान के विद्यार्थियों को प्रेरित करने तथा परिसर का दौरा करने के लिए आभार व्यक्त किया गया। 

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्‍यक्ष श्री धर्मेन्‍द्र सिकरवार, पूर्व मंत्री श्री महेन्‍द्र सिंह सिसौदिया, जिला पंचायत उपाध्‍यक्ष श्रीमति सारिका लुंबा, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण तथा कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल, पुलिस अधीक्षक श्री अंकित सोनी सहित अन्‍य अधिकारी उपस्थित थे। 

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.