मोबाईल कोर्ट’ के माध्यम से भूमि विवादों का मौके पर समाधान
गुना,
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में ‘मोबाईल कोर्ट’ के माध्यम से भूमि संबंधी विवादों का त्वरित एवं आपसी सहमति के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मौके पर ही राहत मिल रही है।
इसी क्रम में जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन के निराकरण हेतु मोबाइल कोर्ट के माध्यम से ग्राम नेव, तहसील आरोन निवासी संजीव साहू पुत्र तूफान साहू की रास्ते संबंधी समस्या का समाधान किया गया। राजस्व दल ने मौके पर पहुंचकर मुख्य मार्ग से आवेदक के घर तक रास्ता खुलवाते हुए समस्या का निराकरण कराया।
वहीं ग्राम बालापुरा, तहसील आरोन स्थित भूमि विवाद में भी मोबाइल कोर्ट के माध्यम से कार्रवाई की गई। आवेदक ओमकार पुत्र नथुआ अहिरवार की भूमि सर्वे क्रमांक 401/1/2 एवं 4/1/2, कुल रकबा 0.418 हेक्टेयर पर राजस्व दल द्वारा मौके पर पहुंचकर सीमाकंन कराया गया तथा आवेदक को भूमि का कब्जा सौंपा गया।
मोबाइल कोर्ट की इस कार्यवाही में तहसीलदार धीरेन्द्र गुप्ता, राजस्व निरीक्षक बृजेंद्र सिंह बरैया, हल्का पटवारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।
