*अपराध एवं अपराधियों पर गुना पुलिस का सख्त शिकंजा*
सराफा बाजार में ज्वैलर्स की दुकान से 05 लाख मूल्य की चांदी से भरा बैग चोरी का पुलिस ने किया सफल खुलासा
*गुना पुलिस की तत्परता से मात्र 03 दिन में आरोपी गिरफ्तार, चोरी हुई संपूर्ण चांदी बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में निरंतर त्वरित एवं सख्त कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मागदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम द्वारा विगत दिनों सराफा बाजार स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान से हुई लगभग 05 लाख रुपये मूल्य की चांदी चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए प्रकरण में आरोपी चोर गिरफ्तार कर चोरी गया संपूर्ण माल बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 13 जून 2026 को फरियादी मनोज कुमार जैन पुत्र श्री सुमेरचंद जैन उम्र 40 वर्ष निवासी त्रिमूर्ति कॉलोनी गुना द्वारा गुना कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि गुना सराफा बाजार स्थित उनकी "मनोज ज्वैलर्स" नामक दुकान से अज्ञात व्यक्ति द्वारा चांदी से भरा एक बैग चोरी कर लिया गया है । फरियादी ने बताया कि दिनांक 13 जून को दोपहर लगभग 1:45 बजे वे अपने पिता को दुकान पर छोड़कर बड़े जैन मंदिर चले गए थे । शाम लगभग 8:00 बजे दुकान बंद करते समय जब उन्होंने चांदी रखे बैग के संबंध में पूछा तो बैग दुकान में नहीं मिला । इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर दोपहर लगभग 2:10 बजे एक अज्ञात व्यक्ति काउंटर के पास रखा बैग चोरी कर ले जाते हुए दिखाई दिया । उक्त रिपोर्ट पर से थाना कोतवाली गुना में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 308/26 अंतर्गत धारा 303(2), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा घटना के शीघ्र खुलासा हेतु गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई । टीम द्वारा प्रकरण की तत्काल जांच प्रारंभ की गई एवं तत्परता दिखाते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पतारसी के सघन प्रयास किए गए । घटनास्थल एवं उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया । इसमें पुलिस के सतत एवं सतर्क प्रयासों के परिणामस्वरूप शीघ्र ही आरोपी की पहचान सुनिश्चित कर उसकी सरगर्मी से तलाश एवं दबिश की कार्यवाही की गई । जिसकी तलाश के क्रम में आज दिनांक 16 जून 2026 को संदही के संबंध में मुखिबर सूचना पर गुना कोतवाली पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए संदेही अंकित पुत्र लालाराम भट्ट उम्र 30 साल निवासी श्रीराम कॉलोनी गुना को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसके द्वारा ज्वैलर्स की दुकान से चांदी भरा बैग चोरी करना स्वीकार किया । तदोपरांत पुलिस द्वारा प्रकरण में आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर जिसकी निशादेही से चोरी गई लगभग 05 लाख रुपये मूल्य की संपूर्ण चांदी बरामद कर ली गई है । आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है । गुना पुलिस की इस सफल कार्यवाही से न केवल फरियादी को राहत मिली है, बल्कि सराफा व्यवसायियों एवं आमजन में भी सुरक्षा एवं विश्वास की भावना सुदृढ़ हुई है ।
गुना कोतवाली पुलिस की सक्रिय एवं सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मेहमूद नबी खान, प्रधान आरक्षक दीपक तोमर, प्रधान आरक्षक उमेश शर्मा, आरक्षक शिवकुमार रघुवंशी, सायबर सेल से आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक आदित्य सिंह कौरव, पुलिस लाईन से आरक्षक देवेन्द्र नरूका, आरक्षक विनय धाकड़ तथा सीसीटीव्ही कंट्रोल से सउनि भूपेन्द्र सिंह सेंगर, आरक्षक ओमचरण कुशवाह, आरक्षक नितिन राठौर, महिला आरक्षक सुधा रघुवंशी, महिला आरक्षक दीक्षा रघुवंशी एवं महिला आरक्षक प्रिया टुण्डेले की विशेष भूमिका रही है ।
गुना पुलिस नागरिकों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा जिले में अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी ।
