Type Here to Get Search Results !

योग दिवस में एलईडी स्क्रीन से होगा सामूहिक योग, हजारों प्रतिभागियों के लिए तैयारियां तेज

 योग दिवस में एलईडी स्क्रीन से होगा सामूहिक योग, हजारों प्रतिभागियों के लिए तैयारियां तेज


कलेक्टर-एसपी ने टेकरी सरकार पहुंचकर व्यवस्थाएं परखी, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक की समीक्षा



गुना


आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल टेकरी सरकार परिसर में प्रतिभागियों को योगाभ्यास आसानी से समझाने के लिए एलईडी स्क्रीन लगाने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि दूर बैठे लोग भी निर्देशों का पालन करते हुए सामूहिक योग कर सकें। इसके साथ ही छाया, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के प्रबंध भी किए जा रहे हैं।


तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उनके साथ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


निरीक्षण के दौरान बैठक व्यवस्था, मंच, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संभावित बड़ी संख्या में सहभागियों को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी न रहे। 


पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल ने सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने टेकरी सरकार मंदिर पहुंचकर दर्शन किए तथा जिले की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.