एक एकड़ भूमि पर शहतूत (मलबरी) पौधरोपण एवं रेशम कीट पालन हेतु ऑनलाइन पंजीयन प्रारंभ
गुना
सहायक संचालक रेशम, गुना ने बताया कि रेशम संचालनालय, मध्यप्रदेश की विभागीय रेशम समृद्धि योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए किसानों के ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। योजना के तहत इच्छुक कृषक अपनी एक एकड़ सिंचित निजी भूमि पर शहतूत (मलबरी) पौधरोपण एवं रेशम कीट पालन अपनाकर अतिरिक्त आय अर्जित कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान विभागीय ई-रेशम पोर्टल https://eresham.mp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के माध्यम से किसानों को रेशम उत्पादन को बढ़ावा देने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का उद्देश्य है।
रेशम समृद्धि योजना के अंतर्गत एक एकड़ क्षेत्र में मलबरी पौधरोपण एवं रेशम कीट पालन के लिए लगभग 5 लाख रुपये की अनुमानित लागत निर्धारित की गई है। योजना में सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को 75 प्रतिशत अनुदान तथा 25 प्रतिशत हितग्राही अंश देना होगा। वहीं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 90 प्रतिशत अनुदान तथा केवल 10 प्रतिशत अंशदान वहन करना होगा।
योजना संबंधी अधिक जानकारी के लिए किसान जिला रेशम अधिकारी, गुना के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। किसानों से अधिकाधिक संख्या में योजना का लाभ लेने हेतु ऑनलाइन पंजीयन कराने की अपील की गई है।
