गुना में कोचिंग संस्थानों पर प्रशासन का शिकंजा
कैरियर कोचिंग, चरितम institute और माइलस्टोन इंग्लिश इंस्टीट्यूट पर की गई कार्रवाई, तहसीलदार बोले — मानक पूरे करो वरना ताला नहीं खुलेगा
Guna-
राजधानी दिल्ली में कोचिंग हादसे के बाद पूरे देश में जागी चेतना अब गुना तक पहुंच गई है। जिला प्रशासन ने शहर के कोचिंग संस्थानों पर शिकंजा कसते हुए तीन बड़े संस्थानों को सील कर दिया है। कैरियर कोचिंग इंस्टीट्यूट, चरितम इंस्टीट्यूट और माइलस्टोन इंग्लिश इंस्टीट्यूट पर की गई इस कार्रवाई के पीछे एक ही कारण — सुरक्षा मानकों की अनदेखी।
तहसीलदार गुना ग्रामीण मयंक तिवारी ने बताया कि कार्रवाई का मकसद संस्थान बंद कराना नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। निरीक्षण के दौरान एक संस्थान में बिजली के खुले तार मिले, जो किसी भी वक्त शॉर्ट सर्किट और आग की बड़ी वजह बन सकते हैं। फायर एनओसी, अग्निशमन यंत्र और आपातकालीन निकास जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं तक नदारद मिलीं।
तहसीलदार ने स्पष्ट किया कि सील कर सुझाव दिए गए हैं और पूरी रिपोर्ट वरिष्ठ न्यायालय को भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई न्यायालय के निर्देश के बाद होगी। उन्होंने सभी कोचिंग संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो संस्थान यथाशीघ्र मानकों की पूर्ति कर लेंगे, वे स्वतंत्र रूप से संचालन जारी रख सकते हैं — लेकिन जो नहीं करेंगे, उन पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
उक्त कार्यवाही में तहसीलदार मयंक तिवारी नायब तहसीलदार आरती गौतम शिक्षा विभाग के BRC अशोक जोशी पटवारी हेमराज मीना नगर पालिका का दल मौजूद रहे।

