नेगमा पंचायत भवन का निरीक्षण, ऊमरी तालाब के गहरीकरण हेतु जनसहयोग का आह्वान
कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण, अतिक्रमण हटाने एवं स्वच्छता बनाए रखने के दिए निर्देश
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने आज ग्राम नेगमा पहुंचकर पंचायत भवन में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए तथा शासन की मंशानुसार आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री कन्याल ने ग्राम ऊमरी स्थित तालाब का निरीक्षण कर वहां प्रस्तावित गहरीकरण कार्य के संबंध में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने तालाब के संरक्षण एवं जल संवर्धन के लिए जनसहयोग से गहरीकरण कार्य में सहभागिता की अपील की। इस पर उपस्थित ग्रामीणों द्वारा अगले ही दिन से श्रमदान एवं सहयोग के माध्यम से कार्य प्रारंभ करने की सहमति व्यक्त की गई।
कलेक्टर श्री कन्याल ने तालाब किनारे किए गए अतिक्रमण पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तालाब के समीप कचरे में लगी आग को देखकर उन्होंने तत्काल अपने समक्ष पानी डलवाकर आग बुझवाई तथा क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण जनभागीदारी से ही संभव है और तालाबों का संरक्षण भविष्य की आवश्यकता है। कलेक्टर श्री कन्याल ने स्वयं भी किसी दिन श्रमदान में शामिल होकर गहरीकरण कार्य में सहयोग करने की बात कही।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

