Type Here to Get Search Results !

आधुनिक तकनीक से गुलाब की खेती कर रहे किसानों का भविष्य उज्ज्वल : कलेक्टर श्री कन्याल

 आधुनिक तकनीक से गुलाब की खेती कर रहे किसानों का भविष्य उज्ज्वल : कलेक्टर श्री कन्याल


गुना 

जिले में उद्यानिकी की आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुना कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने ऊमरी रोड स्थित ग्राम भावपुर में कृषक भानु सिसौदिया के पॉलीहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पॉलीहाउस में उन्नत तकनीक से की जा रही गुलाब की खेती, सिंचाई व्यवस्था, तापमान नियंत्रण प्रणाली तथा फूलों की गुणवत्ता का अवलोकन किया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने पॉलीहाउस में तैयार किए जा रहे विभिन्न किस्मों के गुलाब के फूलों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर किसान कम क्षेत्र में अधिक उत्पादन एवं बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कृषक से पॉलीहाउस निर्माण, उत्पादन क्षमता, बाजार व्यवस्था एवं शासन की योजनाओं से प्राप्त सहायता संबंधी जानकारी ली। साथ ही ड्रिप सिंचाई एवं नियंत्रित वातावरण में की जा रही खेती को जल संरक्षण और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन की दिशा में प्रभावी पहल बताया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पॉलीहाउस में पौधों की देखरेख, कीट प्रबंधन, वेंटिलेशन व्यवस्था एवं पैकिंग प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि जिले के अन्य किसानों को भी उद्यानिकी आधारित खेती एवं पॉलीहाउस तकनीक के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, उपसंचालक उद्यानिकी श्री केपीएस किरार, एसडीएम श्रीमति शिवानी पांडे सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.